अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत के मामले में हाईकोर्ट ने आरोपियों को जारी किया नोटिस

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

प्रयागराज। अभिनेत्री आकांक्षा दूबे की संदिग्ध स्थिति में मौत के मामले में इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को कथित आरोपियों- समरजीत सिंह उर्फ समर सिंह और संजय सिंह को नोटिस जारी किया तथा इस मामले में अगली सुनवाई की तिथि 22 मई तय की। भोजपुरी अभिनेत्री की मृत्यु के मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग करते हुए दायर की गयी एक याचिका में आरोप लगाया गया है कि अभिनेत्री की मृत्यु खुदकुशी नहीं थी, बल्कि हत्या थी।

न्यायमूर्ति सिद्धार्थ और न्यायमूर्ति विनय कुमार द्विवेदी की पीठ ने वाराणसी के सारनाथ थाने के प्रभारी को जवाबी हलफनामा दाखिल करने को कहा और हलफनामा दाखिल करने में विफल रहने पर वह अगली तिथि पर अदालत के समक्ष पेश होंगे।

इससे पूर्व, शुक्रवार का दिन निर्णय देने के लिए तय किया गया था, लेकिन अदालत ने कहा कि कुछ बिंदुओं पर नए सिरे से सुनवाई आवश्यक है, इसलिए अगली तिथि 22 मई तय की। वर्ष 2023 में आकांक्षा दुबे का शव सारनाथ के एक होटल में पाया गया था।

अभिनेत्री की मां ने समर सिंह और संजय सिंह पर अपनी बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया । हालांकि, पुलिस ने यह विचार व्यक्त किया था कि यह खुदकुशी का मामला है। पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए सीबीआई से इस मामले की जांच कराने की मांग करते हुए मौजूदा याचिका दायर की गई है। 

संबंधित समाचार