लखनऊ को मिली 5 नए संग्रहालयों की सौगात, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने जनता को किया समर्पित
लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश सरकार ने राजधानी लखनऊ में संरक्षित किए जा रहे पांच संग्रहालयों का कार्य पूर्ण कर जनता को समर्पित कर दिया है। विभिन्न राज्य संग्रहालयों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों को तेजी से पूरा किया गया है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि इन संग्रहालयों में प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहर और पुरातात्विक महत्व की दुर्लभ वस्तुओं को संरक्षित किया गया है।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि राज्य संग्रहालय लखनऊ में विदेशी मूर्तिकला गैलरी की मूर्तियों के स्थानांतरण का कार्य अप्रैल 2026 में पूरा हो चुका है। वहीं संग्रहालय सभागार के सौंदर्यीकरण का कार्य भी पूर्ण कर उसका उद्घाटन 27 अगस्त 2025 को किया जा चुका है।
बताया कि राज्य संग्रहालय परिसर में प्राकृतिक विज्ञान संग्रहालय का निर्माण 2483.05 लाख रुपये की लागत से कराया गया, जिसे 4 मार्च 2024 को आम जनता को समर्पित किया गया। वहीं अवधी गैलरी (नवाबी कला) के नवीनीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य भी पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि ओल्ड कोठी में कैफेटेरिया, बेसमेंट कक्षों के सुदृढ़ीकरण, सीवर लाइन और रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्लांट सहित अन्य कार्य अंतिम चरण में हैं और इन्हें शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।
