Bareilly:मीरगंज विधायक का भतीजा रहस्यमय हालत में लापता, सर्विलांस टीम तलाश में जुटी
बरेली, अमृत विचार। मीरगंज सीट से भाजपा विधायक डॉ. डीसी वर्मा के भतीजे अंकित वर्मा के रहस्यमय तरीके से लापता हो गए हैं। अंकित भोजीपुरा स्थित एसआरएमएस कॉलेज में एम. फार्मा के छात्र हैं और गुरुवार शाम से उनका पता नहीं लग रहा। परिवार ने भोजीपुरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है, जिसके बाद से पुलिस टीमें अंकित की खोजबीन में जुटी हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सर्विलांस की भी मदद ली जा रही है।
पुलिस के अनुसार, अंकित वर्मा बरेली की मीरगंज सीट से एमएलए डॉ. डीसी वर्मा के छोटे भाई रामप्रकाश वर्मा के पुत्र हैं। परिवार पीलीभीत में थाना बीसलपुर क्षेत्र के गांव अमखिरिया का निवासी है। पिता रामप्रकाश वर्मा ने पुलिस को बताया कि उनके 24 वर्षीय पुत्र अंकित वर्मा कॉलेज के हॉस्टल में रहकर एम फार्मा की पढ़ाई कर रहे हैं। सात मई की शाम करीब छह बजे अंकित मंदिर जाने की कहकर निकले था। उसके बाद रात नहीं लौटे। सूचना मिलते ही परिवार के लोगों ने रिश्तेदार, दोस्त और परिचितों से संपर्क करना शुरू कर दिया मगर पता नहीं चल सका।
अंकित के अचानक इस तरह गायब होने से परिवार चिंतित है। विधायक के भतीजे की गुमशुदगी ने पुलिस अफसरों की भी टेंशन बढ़ा दी है। भोजीपुरा थाने में मामला दर्ज कराए किए जाने बाद पुलिस की कई टीमें तलाश में जुटी नजर आ रही हैं। परिजन लगातार फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से मदद मांग हैं। कॉलेज परिसर, सीसीटीवी कैमरे में तलाश के अलावा सहपाठी छात्रों से जानकारी की जा रही है। संभावित स्थानों पर टीम भी रवाना हुई हैं। रात तक अंकित के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी थी।
होस्टल में ही मिला मोबाइल
पुलिस को अंकित का मोबाइल हॉस्टल के रूम में ही मिला है। मोबाइल के बिना वह कोई भी कहीं नहीं जाता तो अंकित कैसे निकले, इसे लेकर कई तरह के सवाल पैदा हो रहे हैं। कॉल डिटेल से पता लगा है कि गायब होने से पहले अंकित की परिवार और दोस्तों के अलावा किसी और से बातचीत नहीं हुई। इससे मामला और गहरा रहा है। इंस्पेक्टर भोजीपुरा राजीव कुमार ने बताया कि कॉल डिटेल से भी कोई खास जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस सीसीटीवी खंगालने के साथ तेजी से अंकित की तलाश में जुटी है।
