रिश्तों का कत्ल : सीतापुर में किशोर ने चचेरे भाई को उतारा मौत के घाट, बिस्तर के नीचे छिपाया शव, इलाके में सनसनी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सीतापुर। उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के थाना विश्वमां क्षेत्र में एक चचेरे भाई ने अपने ही 12 वर्षीय नाबालिग भाई की हत्या कर शव को घर में ही छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस उपाधीक्षक अमन सिंह ने शनिवार को बताया कि कस्बा क्षेत्र निवासी आजमास (12) शुक्रवार शाम करीब पांच बजे खेलते समय अचानक लापता हो गया था। 

परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। देर रात परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। शनिवार को पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर गहन छानबीन की। जांच के दौरान संदेह के आधार पर मृतक के चचेरे भाई मुदस्सिर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। 

पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी के बिस्तर के नीचे से आजमास का शव बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि बच्चे की पहले गला दबाकर हत्या की गई और बाद में धारदार हथियार से हमला कर शव को बिस्तर में छिपा दिया गया। फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आरोपी से पूछताछ कर घटना के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। 

संबंधित समाचार