सऊदी अरब में प्रयागराज के युवक की हत्या, बांग्लादेशी शख्स पर आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के रहने वाले एक युवक की सऊदी अरब में एक बंग्लादेशी लड़के ने किसी विवाद के बाद ईट से पीट-पीट कर हत्या कर दी है। प्रयागराज का आकाश सरोज (23) इसी साल जनवरी में कमाने के लिए सऊदी अरब के अबू- स्लासा गया था। वह अल-अहसा नखलिस्तान शहर में बकरी चराने का काम करता था, उसके साथ कमरे में बांग्लादेशी युवक रहता था। 

आरोप है कि विवाद के बाद बांग्लादेशी युवक ने ही ईंट पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। मृतक के भाई के मुताबिक नौ मई की दोपहर आकाश की हत्या की खबर मिली है। हालांकि सऊदी अरब में आरोपी बांग्लादेशी युवक को सऊदी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतक प्रयागराज के बहरिया थाना क्षेत्र के सिकंदरा कस्बे के दलीपुर गांव का रहने वाला था, मृतक के पिता गुलाब सरोज मजदूरी करते हैं। 

आकाश चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था और इंटर तक पढ़ाई की थी। वह परिवार की मुफलिसी को दूर करने के लिए सऊदी अरब गया था, लेकिन आकाश की हत्या पर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने शासन प्रशासन और स्थानीय नेताओं से आकाश के शव को भारत लाने की मांग की है। परिजनों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी गुहार लगाई है। 

संबंधित समाचार