सुलतानपुर न्यूज : लंगड़ी गांव में महिला की गला रेतकर हत्या, इलाके में सनसनी
सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के बंधुआ कला थाना क्षेत्र के लंगड़ी गांव में एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। सुलतानपुर जिले की पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने पत्रकारों को बताया कि बंधुआ कला थाना क्षेत्र के लंगड़ी गांव में एक महिला की हत्या की सूचना डायल 112 पर कपिल देव सिंह ने दी और बताया कि उनकी रिश्तेदार विमलेश देवी की किसी ने हत्या कर दी है।
सूचना मिलते ही पुलिस बल, सीओ सिटी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। सूचनाकर्ता और प्रथमदर्शियों ने बताया कि घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था। अंदर देखने पर विमलेश देवी घर में घुसते ही पहले कमरे में मृत पाई गईं। उनके शरीर, विशेषकर गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान थे। प्रथम दृष्टया मृत्यु का कारण यही चोट प्रतीत हो रहा है।
मृतका के पति चंद्रशेखर सिंह पंजाब के जगराव डिग्री कॉलेज में रिटायर्ड क्लर्क हैं। वे दो महीने पहले तक विमलेश देवी के साथ यहीं रहते थे। पिछले दो महीने से विमलेश देवी इस घर में अकेली रह रही थीं, क्योंकि उनके पति और दोनों बच्चे (बहू-बेटे) सभी बाहर रहते हैं। पति से फोन पर बात करने पर उन्होंने किसी से कोई रंजिश या विवाद होने की बात से इनकार किया है।
घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान चोरी के कोई साक्ष्य नहीं मिले। घर का सारा सामान व्यवस्थित पाया गया। मृतका के सगे भाई, बहनें और भाभी भी घटनास्थल पर मौजूद थे, लेकिन वे भी मृत्यु का कोई स्पष्ट कारण या रंजिश नहीं बता पाए। पति और परिवार के अन्य सदस्य सूचना मिलने पर जल्द ही मौके पर पहुंचेंगे।
पुलिस ने प्रारंभिक सूचना के आधार पर मृतका के शव को पंचायतनामा के लिए मर्चुरी भिजवाया है। घटना के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस और थाने की पांच टीमें गठित की गई हैं। पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया है कि घटना का शीघ्र खुलासा किया जाएगा।
