सहारनपुर विवाद को लेकर मायावती चिंतित, निष्पक्ष कार्रवाई की मांग

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने सहारनपुर जिले के लालवाला गांव में हुई हिंसा पर चिंता जताते हुये निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।  मायावती ने सोमवार को एक्स पर लिखा, "सहारनपुर के एक गांव में एक भूमि पर मूर्ति रखने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ, जो बाद में संघर्ष में बदल गया।" उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना में दलित समाज के कई लोग घायल हुए हैं। 

बसपा अध्यक्ष ने पुलिस और प्रशासन से मामले में तत्काल तथा निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग करते हुये कहा, "प्रशासन को हालात पर पूरी तरह नियंत्रण रखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।" बसपा सुप्रीमो ने दोनों पक्षों से भी संयम बरतने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मामले को ताकत के बजाय कानूनी तरीके से सुलझाया जाना चाहिए, ताकि क्षेत्र में तनाव न बढ़े और शांति कायम रह सके। 

गौरतलब है कि सहारनपुर के देवबंद क्षेत्र के लालवाला गांव में 9-10 मई को लगभग दो बीघा जमीन पर कब्जे और कथित तौर पर महाराणा प्रताप की मूर्ति लगाने को लेकर दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हुई। इस दौरान पत्थरबाजी और लाठीचार्ज में तीन महिलाओं समेत आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने घटना के बाद गांव में सुरक्षा बलों को तैनात कर निगरानी बढ़ा दी है। प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।  

संबंधित समाचार