Uttrakhand: नैनीताल में संवेदनशील क्षेत्र चीना पीक की तलहटी में अवैध निर्माण सील

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

नैनीताल, अमृत विचार। भूस्खलन की दृष्टि से अति संवेदनशील माने जाने वाले चीना पीक (नैना पीक) की तलहटी में हो रहे अवैध निर्माण पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निर्माण को सील कर दिया। प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण कर पाया कि बिना अनुमति पहाड़ी क्षेत्र में निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए निर्माण पर तत्काल रोक लगा दी गई।

जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन को शिकायत दी थी कि चीना पीक की तलहटी में बाहरी व्यक्तियों द्वारा पहाड़ी काटकर निर्माण कार्य किया जा रहा है। शिकायत में यह भी कहा गया कि सड़क किनारे लोक निर्माण विभाग द्वारा 90 के दशक में बनाई गई सुरक्षा दीवार को क्षतिग्रस्त कर वहां गेट का निर्माण कर दिया गया है, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। शिकायत मिलने के बाद प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

 जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित भूमि निजी स्वामित्व की है, लेकिन निर्माणकर्ता के पास न तो स्वीकृत मानचित्र था और न ही किसी प्रकार की वैध अनुमति ली गई थी। इसके बाद उपजिलाधिकारी नैनीताल नवाजिश खालिक ने संबंधित विभागों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीएम नवाजिश खालिक ने बताया कि स्थानीय निवासी पुरुषोत्तम द्वारा संवेदनशील क्षेत्र में अवैध निर्माण कराया जा रहा था। प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण को सील कर दिया है और मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

 प्रशासन ने कहा कि चीना पीक क्षेत्र भूकंप और भूस्खलन की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। बरसात के दौरान यहां अक्सर पत्थर गिरने और भूस्खलन की घटनाएं होती रहती हैं। पहाड़ी के नीचे आबादी होने के कारण किसी भी प्रकार का अनियंत्रित निर्माण लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। इसी कारण पूर्व में इस क्षेत्र में निर्माण कार्यों पर प्रतिबंध लगाया गया था। इस दौरान कानूनगो हेतराम ममगई, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रत्नेश सक्सेना, जिला विकास प्राधिकरण समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार