Uttrakhand:आज और कल कैंची धाम तक नहीं जा पाएंगे पर्यटक वाहन

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। हल्द्वानी में पर्यटन सीजन और वीकेंड पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने 9 और 10 मई के लिए विशेष ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी।

प्रशासन के अनुसार इन दो दिनों में पर्यटक अपने निजी वाहनों से कैंची धाम नहीं जा सकेंगे। श्रद्धालुओं और पर्यटकों को शटल सेवा के माध्यम से मंदिर तक पहुंचाया जाएगा। पुलिस के मुताबिक भीमताल मार्ग से आने वाले वाहनों को विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा, जहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं नैनीताल-गेठिया मार्ग से आने वाले वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में रोका जाएगा।

टैक्सी और दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर भी रोक
वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। ऐसे वाहनों को सैनेटोरियम पार्किंग में खड़ा कर यात्रियों को शटल सेवा से भेजा जाएगा। अल्मोड़ा और रानीखेत से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवा वाहनों को निर्धारित रूट से अनुमति मिलेगी, जबकि अन्य भारी वाहनों को भवाली मस्जिद तिराहे से पहले रोका जा सकता है।

इन रास्तों से गुजरेंगे वाहन
यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक यात्रा मार्गों पर भारी वाहनों के संचालन पर रोक रहेगी। पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले भारी वाहनों को जिले की सीमा पर रोका जाएगा। इनके लिए नंबर-1 बैंड, एचएमटी क्षेत्र, सलड़ी चौकी और अमृतपुर मोड़ पर पार्किंग व्यवस्था की गई है। मैदानी क्षेत्रों से पहाड़ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को गोलापार पुराने आरटीओ फिटनेस सेंटर और खेड़ा चौकी के पास रोका जाएगा।इ

हल्द्वानी शहर में पर्यटक वाहनों की एंट्री बंद
दो दिनों तक हल्द्वानी शहर में पर्यटक वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी। बरेली रोड से आने वाले वाहनों को तीनपानी फ्लाईओवर, गोलापार रोड और नारिमन तिराहा होते हुए काठगोदाम भेजा जाएगा। रुद्रपुर और पंतनगर से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को पंतनगर तिराहा, लालकुआं और गोलापार मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं रामनगर और बाजपुर की ओर से आने वाले वाहनों को कालाढूंगी-नैनीताल तिराहे से मंगोली मार्ग की ओर भेजा जाएगा।

आवश्यक सेवा वाले भारी वाहनों पर भी प्रतिबंध
पुलिस ने आवश्यक सेवा वाले भारी वाहनों पर भी दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक प्रतिबंध लगाया है। हालांकि एलपीजी वाहनों को इससे छूट दी गई है। पर्वतीय क्षेत्रों से लौटने वाले पर्यटक वाहनों को नारिमन तिराहा से गोलापार रोड की ओर मोड़ा जाएगा। वहीं शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक भवाली मस्जिद तिराहा और नैनीताल से आने वाले वाहनों को नंबर-1 बैंड और रूसी बाईपास होते हुए मंगोली-कालाढूंगी मार्ग से भेजा जाएगा।

 

संबंधित समाचार