Bareilly: चौपुला पुल पर मरम्मत शुरू, 45 दिन तक ''मुश्किलों का सफर''

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। शहर की लाइफलाइन माने जाने चौपुला पुल पर मंगलवार दोपहर से वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया। पुल पर अगले 45 दिनों तक मरम्मत कार्य चलेगा। एनएचएआई की ओर से पुल के एक्सपेंशन ज्वाइंट व अन्य हिस्सों की मरम्मत कराई जाएगी। यातायात पुलिस ने सुभाषनगर समेत आसपास के मार्गों पर बैरिकेडिंग कर रूट डायवर्जन लागू कर दिया है।

हालांकि, एंबुलेंस, स्कूली वाहन व स्थानीय निवासियों को सीमित आवाजाही की अनुमति दी गई है। फिलहाल, पहले दिन ही वाहन चालक परेशानी से जूझते नजर आए। गली-मोहल्लों में ट्रैफिक मुड़ने से जाम के हालात बने रहे। हादसे का भी डर बना रहा।

बदायूं की ओर से आने वाले वाहनों को रामगंगा तिराहे से बुखारा मोड़ की ओर डायवर्ट किया गया है, जबकि नैनीताल और पीलीभीत से बदायूं जाने वाले वाहन बियावानी कोठी और बुखारा मोड़ होकर गुजरेंगे। दिल्ली और मुरादाबाद की ओर से आने वाली रोडवेज बसों को भी चौकी चौराहा और बुखारा मोड़ के रास्ते भेजा जाएगा। चौपुला चौराहे से गन्ना मिल और बदायूं रोड की ओर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, आपातकालीन सेवाओं जैसे एंबुलेंस और स्कूली वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। स्थानीय निवासियों और छोटे वाहन स्वामियों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।

सुभाषनगर, करगैना व बीडीए कॉलोनी में रहने वाले लोग दोपहिया वाहनों से मढ़ीनाथ मंदिर, शांति विहार और मढ़ीनाथ पुल होते हुए सिटी स्टेशन की ओर आ-जा सकेंगे। करीब 15 वर्ष पुराने 800 मीटर लंबे इस पुल के 30 एक्सपेंशन ज्वाइंट खराब हो चुके हैं। कई स्थानों पर चार से पांच इंच तक गैप होने से वाहनों को तेज झटके लग रहे थे। मरम्मत कार्य के लिए शासन ने एनएचएआई बदायूं डिवीजन को 1.30 करोड़ रुपये जारी किए हैं। एनएचएआई बदायूं डिवीजन के पीडी उत्कर्ष शुक्ला का कहना है कि पुल के ऊपरी हिस्से की मरम्मत पहले ही पूरी की जा चुकी है, अब ज्वाइंट बदलने का काम शुरू किया गया है। विभाग ने 45 दिनों में पूरा कार्य समाप्त करने का लक्ष्य तय किया है। इस अवधि में काम पूरा कर लिया जाएगा।

संबंधित समाचार