Moradabad:जिले में नौ व 10 मई को 18 केंद्रों पर होगी प्रवक्ता परीक्षा
मुरादाबाद, अमृत विचार। उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रवक्ता की लिखित परीक्षा नौ व 10 मई को जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा दोनों दिन दो पालियों में संपन्न होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक होगी।
परीक्षा को सकुशल एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट को इसकी सूचना दें। परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक होगी। एडीएम सिटी ज्योति सिंह के अनुसार बैठक में शाम 4:00 से 4:30 बजे तक सभी केंद्र व्यवस्थापक और स्टैटिक मजिस्ट्रेट शामिल होंगे, जबकि 4:30 बजे के बाद सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं अन्य अधिकारियों के साथ बैठक जारी रहेगी। परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएंगी।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
जिले में परीक्षा के लिए 18 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें चित्रगुप्त इंटर कॉलेज, आरएन इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, अंबिका प्रसाद इंटर कॉलेज, कौशल्या कन्या इंटर कॉलेज, रामचंद्र शर्मा कन्या इंटर कॉलेज, महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज, मेथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज, जीजी हिंदू इंटर कॉलेज और पीएलजेएल रस्तोगी इंटर कॉलेज शामिल है। इसके अलावा हिंदू कॉलेज, केजीके इंटर कॉलेज, पारकर इंटर कॉलेज, एचएसबी इंटर कॉलेज, हैविट मुस्लिम इंटर कॉलेज, बलदेव आर्य कन्या इंटर कॉलेज, अंसार इंटर कॉलेज और एसएस इंटर कॉलेज में परीक्षा होगी।
