कानपुर : एक सप्ताह में स्मार्ट मीटर संबंधी समस्याओं का करें समाधान, प्रभारी मंत्री का अफसरों को निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर। प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने अफसरों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्रीपेड स्मार्ट मीटरों से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण कर उन्हें नियमानुसार पोस्टपेड में बदलने की कार्रवाई एक सप्ताह के अंदर पूरी की जाए।बुधवार को सरसैयाघाट स्थित नवीन सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बिजली, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था और विकास परियोजनाओं को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।

बिजली व्यवस्था पर जोर

मंत्री ने कहा कि गर्मी के मौसम में जनता को बिजली संबंधी कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। खराब ट्रांसफार्मरों को तुरंत बदला जाए और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने केस्को की केंद्रीकृत शिकायत व्यवस्था के बजाय सभी विद्युत उपकेंद्रों पर स्थानीय शिकायत निस्तारण केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को आसानी से और तेजी से राहत मिल सके।

सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की मॉनिटरिंग

मंत्री ने सभी सरकारी चिकित्सालयों में तैनात डॉक्टरों की औसत ओपीडी की निगरानी करने का निर्देश दिया। इससे यह पता चलेगा कि कौन सा डॉक्टर नियमित रूप से काम कर रहा है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि सरकारी डॉक्टर किसी भी हाल में निजी अस्पताल या क्लिनिक नहीं चला सकते। यदि कोई ऐसा प्रकरण सामने आया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मकान मालिकों को सख्त निर्देश

कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने सभी मकान मालिकों को अनिवार्य रूप से अपने किरायेदारों का पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश दिए। महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्होंने गर्ल्स कॉलेज, छात्रावासों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा। एंटी रोमियो स्क्वाड को और अधिक सक्रिय रूप से काम करने के निर्देश दिए गए।

अन्य जरूरी निर्देश
  • वर्ष 2025 से पहले लंबित सभी विवेचनाओं को शीघ्र पूरा किया जाए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
  • ड्रोन संचालकों का सत्यापन कराया जाए।
  • संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जाए।

बैठक में महापौर प्रमिला पांडेय, सांसद रमेश अवस्थी, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, विधायक महेश त्रिवेदी, नीलिमा कटियार, सरोज कुरील, सुरेंद्र मैथानी, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, ज्वाइंट सीपी संकल्प शर्मा, सीडीओ अभिनव जैन, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार