शादी के सिलेंडर को लेकर तहसील में हंगामा, युवक ने थाने भिजवाने का लगाया आरोप, जानें क्या बोले SDM

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

रामनगर, बाराबंकी, अमृत विचारः तहसील क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई का मामला सामने आया है। युवक का आरोप है कि उसकी भतीजी अनीता की शादी थी और गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी के चक्कर काटने पड़ रहे थे। जब वह शिकायत लेकर तहसील पहुंचा तो उसे पुलिस हिरासत में लेकर थाने भेज दिया गया। हालांकि पूरे मामले में एसडीएम आनंद तिवारी ने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ताओं द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने न केवल मामले की जांच शुरू कर दी है, बल्कि संबंधित गैस एजेंसी के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।

मामला रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़नपुर का है। गांव निवासी शिवमोहन ने आरोप लगाया कि उसकी भतीजी अनीता की शादी थी और शादी की तैयारियों के लिए परिवार की चार-पांच गैस किताबों से सिलेंडर बुक कराए गए थे। आरोप है कि डीएसी नंबर जारी होने के बावजूद बरुआ नरेंद्रपुर स्थित श्री लोधेश्वर गैस एजेंसी से कई दिनों तक सिलेंडर नहीं मिला। पीड़ित के अनुसार मंगलवार को एजेंसी पहुंचने पर कार्यालय बंद मिला और फोन पर संपर्क करने पर भी सिलेंडर देने से इनकार कर दिया गया। इसी बात से नाराज होकर शिवमोहन कुछ अन्य उपभोक्ताओं के साथ तहसील मुख्यालय पहुंचा और एसडीएम से शिकायत की। शिवमोहन का आरोप है कि शिकायत के दौरान एसडीएम नाराज हो गए और पुलिस बुलाकर उसे व दो अन्य लोगों को हिरासत में दिला दिया। हालांकि बाद में दो लोगों को तहसील से ही छोड़ दिया गया, जबकि शिवमोहन को थाने ले जाकर कुछ देर बाद रिहा कर दिया गया।

वहीं पूरे मामले पर एसडीएम आनंद तिवारी ने प्रशासन का पक्ष स्पष्ट करते हुए कहा कि तहसील परिसर में करीब 10 से 15 लोग हंगामा कर रहे थे। स्थिति को देखते हुए सभी से लिखित प्रार्थना पत्र देने को कहा गया था ताकि संबंधित एजेंसी के खिलाफ विधिवत जांच कराई जा सके। लेकिन कुछ लोग कार्यालय के बाहर गैस सिलेंडर रखकर प्रदर्शन करने लगे, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई। एसडीएम ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को बुलाया गया था। पुलिस के पहुंचते ही अधिकांश लोग वहां से चले गए, जबकि तीन लोगों को एहतियातन थाने ले जाया गया, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। एसडीएम आनंद तिवारी ने शादी के लिए सिलेंडर न मिलने के आरोपों को भी सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि जिस परिवार में शादी थी, वहां के लिए गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा चुके थे। उन्होंने यह भी कहा कि शादी समारोहों में गैस सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा पहले से स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्व विभाग की टीम ने संबंधित गैस एजेंसी पर पहुंचकर जांच-पड़ताल भी की। एसडीएम ने यह भी कहा कि जिस गैस एजेंसी के खिलाफ शिकायत मिली है, उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।

संबंधित समाचार