Census 2027 : घर-घर जाएंगे प्रगणक और जनगणना कर्मी, AC-फ्रिज और जाति की देनी होगी जानकारी, जानिए 33 सवालों की पूरी लिस्ट
लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ में जनगणना- 2027 की शुरुआत गुरुवार से शुरू हो जाएगी। 21 मई तक प्रगणक और जनगणना कर्मी घर-घर जाकर भवन स्वामियों से 33 सवाल पूछेंगे। वह ये जानकारी लेंगे कि घर का प्रकार कैसा है, परिवार में कितने सदस्य हैं, परिवार के सदस्यों की जाति क्या है, घर में कितने शौचालय बने हैं, पानी का क्या स्रोत है, बिजली कनेक्शन कितने हैं, घर में कितने एसी, फ्रिज, कारें हैं। जनगणना कर्मी 22 मई से 20 जून तक मकानों की सूची तैयार तैयार करेंगे। इसमें नगर निगम के विभिन्न विभागों के सैकड़ों कर्मचारियों और अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई है।
इस तरह करें पोर्टल पर ऑनलाइन स्व गणना
भवन स्वामी पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर ऑनलाइन स्व गणना भी कर सकते हैं। वेबसाइट में राज्य में उत्तर प्रदेश चुनें और Captcha भरें। मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करने के बाद परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर डालें। ओटीपी को सत्यापित करना होेगा। सुविधानुसार हिन्दी और अंग्रेजी सहित 16 भाषाएं चुन सकते हैं। मकान नंबर, गांव, शहर जिला और राज्य भरने के बाद मकान नंबर लोकेशन मैप पर अपने घर को लाल मार्क टैग करना होगा। 33 सवाल का जवाब भरना होगा। सारी जानकारी चेक करने के बाद सबमिट बटन दबाएं। स्व गणना (एसई) आईडी मिलेगी, इसे सुरक्षित रख लें। जब जनगणना अधिकारी या प्रगणक घर आएं तो उन्हें एसई आईडी दिखा दें।
ये प्रश्न पूछे जाएंगे
लाइन संख्या, भवन संख्या, जनगणना मकान संख्या, फर्श, दीवार, छत, जनगणना मकान का उपयोग, परिवार क्रमांक, परिवार में रहने वाले कुल व्यक्तियों की संख्या, परिवार के मुखिया का नाम, लिंग, जाति, मकान का स्वामित्व, परिवार के पास रहने के लिए उपलब्ध कमरों की संख्या, विवाहित व्यक्तियों की संख्या, पेयजल का मुख्य स्रोत, पेयजल स्रोत की उपलब्धता, प्रकाश का मुख्य स्रोत, शौचालय की सुलभता, शौचालय का प्रकार, गंदे पानी की निकासी का स्रोत, परिसर के अंदर स्नान करने की उपलब्धता, खाना पकाने के लिए प्रयुक्त ईंधन, रेडियो, टेलीविजन, इंटरनेट सुविधा, लैपटॉप और कम्प्यूटर, टेलीफोन, मोबाइल और स्मार्ट फोन, साइकिल, स्कूटर और मोटरसाइकिल, कार, जीप और वैन, परिवार द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला मुख्य अनाज और मोबाइल नंबर।
यह भी पढ़ें:
यूपी में पहली डिजिटल जनगणना का आगाज, सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से की सक्रिय भागीदारी की अपील
