इंस्टा की प्रेम कहानी का अजीबो-जरीब ट्विस्टः दुल्हन ने किया दूल्हे को पहचानने से इंकार, बरातियों की जमकर हुई पिटाई

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

शाहाबाद। सोशल मीडिया पर शुरू हुई प्रेम कहानी का मंगलवार रात उस वक्त खूनी संघर्ष में बदल गया, जब मध्यप्रदेश से आई बारात पर लड़की पक्ष के लोगों ने अचानक हमला बोल दिया। मामला शाहाबाद कस्बे के मोहल्ला भुड़िया का है। जहां भोपाल मध्यप्रदेश निवासी युवक राहुल मिश्रा उर्फ देवेंद्र सिंह परिहार अपनी बारात लेकर 14 बरातियों के साथ पहुंचा था। लेकिन स्वागत के कुछ ही देर बाद माहौल संघर्ष में तब्दील हो गया। बताया गया कि देवेंद्र सिंह परिहार पुत्र राजा परिहार की दो माह पहले इंस्टाग्राम के जरिए शाहाबाद क्षेत्र की एक युवती से दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे दोनों में बातचीत बढ़ी और फिर प्यार परवान चढ़ गया। दोनों परिवारों में शादी की सहमति बनने के बाद 12 मई को मध्यप्रदेश से बारात शाहाबाद पहुंची।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुरुआत में लड़की पक्ष ने बारात का जोरदार स्वागत किया। शहर के रिज होटल में सभी बारातियों को नाश्ता कराया गया और वहीं रुकने का इंतजाम किया गया। ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच बरात वधू पक्ष के दरवाजे पर पहुंची। दुल्हन दूल्हा देखकर दंग रह गई। उसने इंकार किया कि यह राहुल मिश्रा नहीं है। इसी बात को लेकर बारातियों से विवाद हुआ। बात ज्यादा बढ़ गई वधू पक्ष के लोग उग्र हो गए और दूल्हे समेत बरातियों पर टूट पड़े। लाठी-डंडों और बेल्टों से जमकर मारपीट होने लगी। खुशियों के माहौल में चीख पुकार मच गई। बारात में भगदड़ जैसे हालात बन गए।

इंस्टा की प्रेम कहानी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बरातियों को किसी तरह बचाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद पहुंचाया। जहां दूल्हे देवेंद्र सिंह का उपचार चल रहा है। डॉक्टर ने दूल्हे की हालत स्थिर बताई है। दूल्हे के रिश्ते में भाई मगलदीन पटेल ने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद से तीन बराती रहस्यमय ढंग से लापता हैं। उनके मोबाइल भी बंद जा रहे हैं, जिससे परिजनों में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है और लापता बताए जा रहे लोगों की तलाश कर रही है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कोई इसे प्रेम प्रसंग में धोखा बता रहा है तो कोई साजिश। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल में जुटी हुई है।

नौ लोग हिरासत में

ॉअपर पुलिस अधीक्षक आलोक राज नारायण ने बताया राहुल नाम के युवक से विवाह तय हुआ था, लेकिन मौके पर राहुल मिश्रा की जगह पर देवेंद्र सिंह मिला। इसीलिए विवाद हुआ। नौ बारातियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है । प्रार्थना पत्र दिया गया है अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

संबंधित समाचार