Moradabad :चटोरी गली का संपर्क मार्ग बना मॉडल रोड, खिंचे चले आ रहे फास्टफूड के दीवाने
मुरादाबाद, अमृत विचार। नगर निगम प्रशासन ने शहरी विकास को गति देते हुए रामगंगा विहार की फूड स्ट्रीट ''''चटोरी गली'''' को जोड़ने वाले प्रमुख संपर्क मार्ग को अत्याधुनिक सुविधाओं युक्त सड़क के रूप में निर्मित कर दिया है। पहले यह सड़क जर्जर और टूटी थी। अब सड़क निर्माण से इस क्षेत्र के अलावा चटोरी गली में आने वाले महानगर के विभिन्न मोहल्ले के फास्ट फूड के शौकीनों को बेहतर वातावरण मिलेगा।
रामगंगा विहार की इस सड़क को अत्याधुनिक मॉडल रोड के रूप में विकसित किया है। इससे नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और आधुनिक यातायात सुविधा उपलब्ध होगी। इस मॉडल रोड का निर्माण उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किया गया। सड़क की कुल लंबाई 90 मीटर और राइट ऑफ वे 18 मीटर है। दोनों ओर 55 मीटर चौडी लेन, मध्य में एक मीटर चौड़ा डिवाइडर और पैदल यात्रियों के लिए दोनों ओर तीन मीटर चौड़ा सुरक्षित फुटपाथ का निर्माण किया गया है। नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल का कहना है कि चटोरी गली को जोड़ने वाली सड़क को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। इस पर स्ट्रीट लाइट, हरित पट्टी, सीवरेज सिस्टम आदि के माध्यम से आदर्श मॉडल सड़क के रुप में बनाया गया है। इससे सुरक्षित व सुगम यातायात का लाभ नागरिकों को मिलेगा।
यह सुविधाएं मिलीं
इस मॉडल रोड का निर्माण उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किया गया है। इस पर आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग, हरित पट्टी (प्लांटेशन), स्टार्म वाटर ड्रेनेज, सीवरेज सिस्टम की सुविधा दी गई है। इससे बरसात के दिनों में भी सड़क पर जलभराव नहीं होगा। सुरक्षित व सुगम रूप से लोग यहां आवागमन कर सकेंगे।
शाम को रहती है चटोरी गली में रौनक
चटोरी गली में हर शाम रौनक रहती है। ग्राहकों की बड़ी संख्या यहां अपनी पसंदीदा स्ट्रीट फूड का आनंद लेने पहुंचती है। पहले सड़क जर्जर होने से लोगों को आने में असुविधा होती थी। लेकिन अब सुविधायुक्त मॉडल सड़क के बनने से ग्राहकों को आने-जाने में सहूलियत होगी। इससे दुकानदारों का कारोबार भी चमकेगा।
