33 पीसीएस अधिकारियों के आईएएस बनने का रास्ता साफ, केंद्र सरकार ने प्रमोशन कोटे में आवंटित किए 33 पद
2010-11 बैच के अधिकारियों को मिलेगा बड़ा लाभ, 2012 बैच के कुछ नाम भी दौड़ में
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश के पीसीएस अधिकारियों के लिए बड़ी राहत और खुशखबरी आई है। केंद्र सरकार ने चयन वर्ष 2025 के लिए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में पदोन्नति कोटे के तहत प्रदेश को 33 पद आवंटित किए हैं। इससे वर्ष 2010 और 2011 बैच के पीसीएस अधिकारियों के आईएएस बनने का रास्ता लगभग साफ हो गया है। साथ ही 2012 बैच के कुछ अधिकारियों को भी पदोन्नति का लाभ मिलने की संभावना जताई जा रही है।
केंद्र से पद आवंटित होने के बाद प्रदेश के नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग ने पदोन्नति प्रक्रिया तेज कर दी है। विभाग संभावित अधिकारियों की वार्षिक गोपनीय प्रविष्टियां (एसीआर) और सेवा अभिलेख जुटाने में लगा है। इसके बाद प्रस्ताव तैयार कर संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) को भेजा जाएगा। यूपीएससी में प्रस्ताव पहुंचने के बाद विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक आयोजित होगी, जिसमें पात्र अधिकारियों के नामों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। डीपीसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित अधिकारियों को औपचारिक रूप से आईएएस कैडर में प्रोन्नत किया जाएगा।
इस बार अपेक्षाकृत अधिक पद मिलने से लंबे समय से प्रमोशन का इंतजार कर रहे पीसीएस अधिकारियों में उत्साह का माहौल है। माना जा रहा है कि आने वाले कुछ महीनों में पदोन्नति प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
कैसे होती है पदोन्नति
राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को सेवा अवधि, एसीआर, वरिष्ठता और कार्य प्रदर्शन के आधार पर आईएएस में पदोन्नति दी जाती है। राज्य सरकार प्रस्ताव तैयार कर यूपीएससी को भेजती है, जिसके बाद डीपीसी की बैठक में अंतिम चयन होता है।
