Barabanki News: पीपा पुल की मरम्मत बनी मुसीबत... जाम में फंसे सैकड़ों यात्री

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

बाराबंकी, अमृत विचारः तहसील रामनगर क्षेत्र में चौकाघाट रेलवे स्टेशन के पास संजय सेतु के निकट बने पीपा पुल पर देर रात करीब एक घंटे तक लंबा जाम लग गया। पुल की मरम्मत के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे बाराबंकी और बहराइच के बीच आवागमन करने वाले सैकड़ों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम में एंबुलेंस भी फंसी रहीं।

MUSKAN DIXIT (6)

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात पीपा पुल की निगरानी में तैनात कर्मचारियों द्वारा पुल के ऊपर और नीचे नट-बोल्ट कसने व मरम्मत का कार्य किया जा रहा था। सुरक्षा के मद्देनजर इस दौरान पुल पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। यातायात बंद होते ही दोनों ओर छोटे वाहनों की लंबी लाइन लग गई। करीब एक घंटे बाद मरम्मत कार्य पूरा होने पर यातायात बहाल कराया गया।

पुल से गुजर रहे यात्री शिवम तिवारी और ऋषभ शुक्ला ने बताया कि अचानक वाहनों को रोक दिए जाने से लोगों को काफी दिक्कत हुई। कई लोग जरूरी काम से घर लौट रहे थे, लेकिन जाम के कारण उन्हें देर तक इंतजार करना पड़ा। गर्मी और लंबे इंतजार से वाहन सवार परेशान नजर आए।

MUSKAN DIXIT (7)

इस संबंध में पीपा पुल की देखरेख कर रहे शीतला प्रसाद पांडे, तिलकराम लोधी और रामशंकर लोधी ने बताया कि दिनभर भारी संख्या में छोटे वाहन गुजरने से पुल के नट-बोल्ट ढीले हो जाते हैं। दिन में अधिक यातायात होने के कारण मरम्मत संभव नहीं होती, इसलिए रात में रिपेयरिंग का कार्य किया जाता है।

उन्होंने बताया कि नदी के नीचे स्टीमर की मदद से भी नट-बोल्ट कसने का काम किया जाता है, जिसमें समय लगता है। सुरक्षा की दृष्टि से इस दौरान यातायात रोकना जरूरी होता है। कर्मचारियों के अनुसार पुल को सुरक्षित बनाए रखने के लिए नियमित मरम्मत बेहद आवश्यक है।

संबंधित समाचार