Bareilly: महज सहकर्मी नहीं जिगरी दोस्त थे प्रमोद और पंकज, हेलमेट भी नहीं बचा सका जान
बरेली, अमृत विचार। सड़क हादसों में अक्सर देखने को मिलता है कि बाइक सवार हेलमेट न पहनने के कारण अपनी जान गंवा बैठते हैं, लेकिन बरेली-शाहजहांपुर रोड पर हुए हादसे ने यह साबित कर दिया कि कभी-कभी किस्मत के आगे सुरक्षा उपाय भी बेबस हो जाते हैं। हादसे में जान गंवाने वाले पंकज कुमार यादव और प्रमोद यादव दोनों ने हेलमेट लगा रखा था, बावजूद तेज रफ्तार और भीषण टक्कर ने दोनों की जिंदगी छीन ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों के हेलमेट सिर से निकलकर दूर जा गिरे। पंकज और प्रमोद केवल सहकर्मी ही नहीं, बल्कि करीबी दोस्त थे। दोनों एक ही स्कूल में तैनात थे और रोजाना साथ ही स्कूल आते-जाते थे। साथ खाना, छोटे-बड़े काम में एक-दूसरे का साथ उनकी दिनचर्या का हिस्सा था।
दोनों परिवारों के बीच भी बेहद आत्मीय संबंध थे और कार्यक्रमों में दोनों परिवार शामिल होते थे। दोनों की दोस्ती मिसाल मानी जाती थी और दोस्ती ने ही आखिरी सफर भी उन्हें साथ में तय कराया। हादसे की खबर घर और स्कूल पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शिक्षक और छात्र स्तब्ध रह गए। हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं।
