सहारनपुर में प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय बढ़ोत्तरी, सांख्यिकी विभाग ने जारी किए आंकड़े

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में तेजी से हो रहे औद्योगिक एवं आधारभूत विकास के बीच सहारनपुर मंडल में प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सांख्यिकी विभाग के अधिकारियों के अनुसार सहारनपुर जनपद की वार्षिक प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 1,47,443 रुपये हो गई है, जो प्रदेश की औसत प्रति व्यक्ति आय 1,09,844 रुपये से काफी अधिक है। 

आंकड़ों के मुताबिक सहारनपुर मंडल के शामली जिले की प्रति व्यक्ति आय 1,11,527 रुपये पहुंच गई है, जिससे प्रदेश में उसका 23वां स्थान हो गया है। वहीं मुजफ्फरनगर जिले की प्रति व्यक्ति आय 1,17,590 रुपये दर्ज की गई है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के औद्योगिक जिलों में गाजियाबाद की स्थिति काफी मजबूत बनी हुई है। यहां प्रति व्यक्ति आय 2,56,090 रुपये दर्ज की गई है और प्रदेश में उसका तीसरा स्थान बताया गया है। 

वहीं गौतमबुद्ध नगर प्रदेश में सबसे आगे बना हुआ है, जहां प्रति व्यक्ति आय 12,82,251 रुपये तक पहुंच गई है। आर्थिक विशेषज्ञों के अनुसार भारत की औसत प्रति व्यक्ति आय करीब 2,05,324 रुपये है। इस लिहाज से गौतमबुद्ध नगर की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से कई गुना अधिक है। 

विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश, सेवा क्षेत्र का विस्तार, तेजी से हो रहा शहरीकरण, एक्सप्रेसवे परियोजनाएं, एमएसएमई सेक्टर की मजबूती और रोजगार के अवसरों में वृद्धि इस आर्थिक उछाल के प्रमुख कारण हैं।

सांख्यिकी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में बुनियादी ढांचे और निवेश आधारित विकास मॉडल का असर अब आम लोगों की आय पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है।

यह भी पढ़ें:
Balrampur Chini Mills: केंद्र के आदेश के बाद बलरामपुर में 30% गिरा चीनी का मुनाफा, 159.56 करोड़ का किया कारोबार 

संबंधित समाचार