हल्द्वानी में रेप पीड़िता की मौत: शादी से मुकरा रामपुर का बलात्कारी...बरेली की किशोरी ने किया आत्मदाह
हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी एक युवक पर शादी का झांसा देकर रामपुर निवासी किशोरी से रुद्रपुर ले जाकर दुष्कर्म करने और फिर पीड़िता से शादी करने से इनकार करने का आरोप है। इससे आहत किशोरी ने रामपुर में खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। उसे गंभीर अवस्था में हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय (एसटीएच) में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार देर रात किशोरी ने दम तोड़ दिया।
किशोरी के परिजनों ने इस संबंध में रामपुर की खजुरिया थाना पुलिस को तहरीर सौंपी थी। शनिवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतका के भाई ने शीशगढ़ बरेली (उत्तर प्रदेश) निवासी राकेश पर आरोप लगाया है। पीड़िता के भाई का आरोप है कि, राकेश ने उसकी बहन को अपने झांसे में ले लिया। उससे शादी करने का वादा किया और बीती 25 अप्रैल को वह उसे लेकर ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में पहुंचा। जहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
इसके बाद उसने शादी करने की बात से इनकार कर दिया। इससे आहत उसकी बहन ने 26 अप्रैल को खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली थी। उसे जिला अस्पताल रामपुर में भर्ती कराया गया था, जहां से उसे एसटीएच हल्द्वानी रेफर कर दिया गया था और यहां उसकी मौत हो गई। हल्द्वानी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
