पेट्रोल-डीजल वाहनों की जगह ई-वाहन को बढ़ावा, पीएम मोदी की मुहिम को एसआरएमयू ने किया समर्थन

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कर्मचारियों को ईवी के उपयोग और विश्वविद्यालय बस सेवा अपनाने के निर्देश

बाराबंकी, अमृत विचार। पेट्रोल और डीजल की बढ़ती किल्लत की आशंका के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने के आह्वान पर श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी ने भी ठोस पहल की है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपने कर्मचारियों को पेट्रोल-डीजल से चलने वाले निजी दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के स्थान पर इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग करने और विश्वविद्यालय की बस सेवा का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए निर्देशित किया है।

इस संबंध में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) विजय कुमार तिवारी ने कहा कि देश की ऊर्जा सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण दोनों ही दृष्टियों से इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर बढ़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को जो नई दिशा दी है, उसका विश्वविद्यालय पूर्ण समर्थन करता है।

कुलपति प्रो. (डॉ.) विजय कुमार तिवारी ने कहा कि श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए अपने कर्मचारियों को इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने के लिए लगातार प्रेरित कर रहा है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय परिसर में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने तथा आसपास के क्षेत्रों में संचालित बस सेवा को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, ताकि कर्मचारी निजी वाहनों के उपयोग से बच सकें।

उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल पेट्रोल-डीजल की बचत करना ही नहीं, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण और स्वास्थ्य संरक्षण को भी बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी के कर्मचारी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को अपनाकर राष्ट्रहित में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

संबंधित समाचार