Raebareli News: मंत्री मनोज पांडे का बड़ा बयान, कहा- विकास और कानून व्यवस्था सरकार की प्राथमिकता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायबरेली। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार रायबरेली पहुंचे मनोज कुमार पांडे ने शनिवार को कहा कि हाल में आए चक्रवात से प्रभावित परिवारों को सरकार द्वारा त्वरित राहत उपलब्ध कराई गई है और जिले के विकास के साथ कानून व्यवस्था को और मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।

मनोज पांडे ने पत्रकारों से कहा कि चक्रवात के कारण जिले में भारी नुकसान हुआ, जिसमें कई मकान क्षतिग्रस्त हुए, पशुओं की मौत हुई और बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए राहत सहायता राशि स्वीकृत की, जिसके तहत मृतक परिवारों को मुआवजा तथा अन्य प्रभावितों को राहत पैकेज उपलब्ध कराया गया। 

उन्होंने बताया कि वह स्वयं प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार प्रभावितों की हरसंभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रायबरेली के विकास को नई गति दी जाएगी।

 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना, किसानों की आय बढ़ाना और स्थानीय समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। कानून व्यवस्था के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। मनोज कुमार पांडे ने पत्रकारों से विकास कार्यों में सहयोग करने तथा जन समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। 

संबंधित समाचार