सुलतानपुर : हिमांशु हत्याकांड में पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट सरदार सेना ने किया प्रदर्शन, प्रशासन को दी चेतावनी
सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में हिमांशु वर्मा हत्याकांड को लेकर पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट 'सरदार सेना' संगठन ने यहां प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को अपनी मांगों का एक ज्ञापन सौंपा है। जिले के जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के साटा गांव में गत चार अप्रैल की रात करीब 10:00 बजे हिमांशु वर्मा पर हमला हुआ था।
परिजनों ने पुरुषोत्तमपुर में चार व्यक्तियों के नामजद सहित कुछ अज्ञात लोगों पर हिमांशु को पीटने और उसे गांव के पास फेंककर फरार हो जाने का आरोप लगाया था। इलाज के दौरान हिमांशु वर्मा की मृत्यु हो गई थी। घटना को डेढ़ महीने से अधिक समय हो चुका है। पीड़ित परिवार और संगठन का आरोप है कि इस मामले में पुलिस का रवैया ढीला रहा है।
सरदार सेना का कहना है कि पुलिस की इस लापरवाही के कारण अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है, जिससे सुलतानपुर के पिछड़े समाज में नाराजगी है। संगठन के अध्यक्ष राज कुमार वर्मा के नेतृत्व में जिलाधिकारी को सौंपे गए मांग पत्र में सरदार सेना ने प्रशासन के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें पीड़ित परिवार को तत्काल एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और भविष्य की सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस प्रदान करना शामिल है।
सरदार सेना के जिलाध्यक्ष ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि इन मांगों पर तत्काल और नियमानुसार कार्रवाई नहीं की गई तो यह असंतोष एक बड़े आंदोलन का रूप ले लेगा। संगठन ने कहा कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी कानून-व्यवस्था की स्थिति की पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
