राष्ट्र प्रथम का भाव ही भाजपा कार्यकर्ता की पहचान : भाजपा जिला प्रशिक्षण वर्ग में बोले योगी- राष्ट्र पहले, दल बाद में और व्यक्ति हित सबसे अंतिम
देश की सुरक्षा, संस्कृति और सुशासन को जोड़ने वाली एकमात्र पार्टी भाजपा- मुख्यमंत्री
लखनऊ/गोरखपुर, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्रवाद और भारतीयता का आचरण ही भाजपा कार्यकर्ता की सबसे बड़ी पहचान है। भाजपा कार्यकर्ता पार्टी के संस्थापकों के मूल्यों और आदर्शों पर चलते हुए देश की एकता और अखंडता के लिए कार्य करता है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा, संस्कृति, सुशासन और समृद्धि को जोड़ने का काम केवल भारतीय जनता पार्टी ही कर रही है।
मुख्यमंत्री रविवार को सहजनवा क्षेत्र में आयोजित भाजपा के जिला प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कार्यकर्ताओं से “राष्ट्र प्रथम” के भाव के साथ कार्य करने का आह्वान किया। योगी ने कहा कि भाजपा दुनिया की एकमात्र ऐसी राजनीतिक पार्टी है जिसने हमेशा राष्ट्र को सर्वोपरि माना। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा में “राष्ट्र प्रथम, दल द्वितीय और व्यक्ति हित अंतिम” है। इसी कारण आज देश ही नहीं, दुनिया भर में भारतीय जनता पार्टी और उसके चुनाव चिन्ह कमल को राष्ट्रवाद की पहचान माना जाता है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और अन्य क्षेत्रीय दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि संविधान लागू होने के तुरंत बाद कांग्रेस ने तुष्टिकरण की राजनीति शुरू कर दी थी। उन्होंने कहा कि देश विभाजन के कारणों को फिर राजनीति का हिस्सा बनाया गया। इसी पृष्ठभूमि में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में भारतीय जनसंघ की स्थापना हुई। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर में धारा 370 और परमिट व्यवस्था का विरोध करते हुए “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का नारा दिया। मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने की अवधारणा दी थी। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में भाजपा संस्थापकों के सपनों को साकार किया गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा में बूथ अध्यक्ष भी प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री बन सकता है क्योंकि यहां परिवारवाद नहीं बल्कि संगठन और कार्यकर्ता सर्वोपरि हैं। राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण नए युग का सूत्रपात है। यह केवल मंदिर नहीं बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना और आत्मगौरव का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि चुनाव की असली ताकत बूथ में छिपी होती है। “बूथ जीता तो चुनाव जीता” के मंत्र के साथ संगठन को और सशक्त बनाना होगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान, सांसद रवि किशन, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विकास प्रदर्शनी का किया उद्घाटन
प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम स्थल पर केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में जनकल्याणकारी योजनाओं और गोरखपुर के विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया।
