दवा विक्रेताओं की 20 मई को हड़ताल, बंद रहेंगी दुकानें... ड्रगिस्ट एसोसिएशन की घोषणा
ड्रगिस्ट एसोसिएशन की घोषणा, सभी थोक व खुदरा व्यापारी रखेंगे बंद
अयोध्या, अमृत विचार: फैजाबाद केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने 20 मई मंगलवार को पूरे क्षेत्र में सभी थोक और खुदरा दवा दुकानों को पूरी तरह बंद रखने का फैसला लिया है। यह बंद ऑनलाइन दवाओं और नकली दवाओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के रूप में होगा।
एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी शरद सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि देश की जनता के स्वास्थ्य को खतरे में डालने वाली ऑनलाइन दवाओं की अनियंत्रित बिक्री और नकली दवाओं के बढ़ते कारोबार को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। बिना डॉक्टर के पर्चे के ऑनलाइन दवाएं बेचना गंभीर खतरा है। बैठक में अखिलेश आनंद (अध्यक्ष), आनंद अग्रहरि सहित कई पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
एसोसिएशन का कहना है कि नकली दवाओं से आम जनता के स्वास्थ्य के साथ छेड़छाड़ हो रही है और छोटे दवा विक्रेताओं का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। 20 मई को सुबह से शाम तक सभी दुकानें बंद रहेंगी। एसोसिएशन ने सरकार से ऑनलाइन दवाओं पर सख्त कानून बनाने और नकली दवाओं पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
