अकासा एयर का ऐलान... जेवर से भरेगा उड़ान, बेंगलुरु-मुंबई के लिए टेक ऑफ़ करेगी पहली फ्लाइट, जानें किराया 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

दिल्ली। नवोदित विमान सेवा कंपनी अकासा एयर ने आगामी 16 जून से उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ानें शुरू करेगी। अकासा एयर ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वह 16 जून को नोएडा से बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए उड़ानें शुरू करने वाली है। दोनों दैनिक उड़ानें होंगी।

नवी मुंबई की उड़ान सुबह 10.15 बजे और बेंगलुरु की शाम 7.55 बजे रवाना होगी। नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन इस साल मार्च में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। इस एयरपोर्ट से पहली वाणिज्यिक उड़ान 15 जून को शुरू होगी। 

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाद यह दिल्ली-एनसीआर का दूसरा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा है। अकासा एयर के सह-संस्थापक और मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी आनंद श्रीनिवासन ने कहा, "जैसे-जैसे देश का विमानन बाजार विस्तार कर रहा है, विकास को बनाये रखने के लिए सही अवसंरचना केंद्रों पर क्षमता निर्माण बेहद महत्वपूर्ण होगा। 

आधुनिक बुनियादी ढांचे, मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी और दीर्घकालिक क्षमता संभावनाओं के साथ, नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र तक पहुंच को बदल देगा। हमें खुशी है कि हम उन शुरुआती एयरलाइनों में शामिल हैं जो इस एयरपोर्ट पर संचालन शुरू कर रही हैं। इससे हमें प्रारंभिक स्तर पर अपनी उपस्थिति मजबूत करने, नेटवर्क प्रवाह को बेहतर बनाने और मांग के अनुसार क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।" 

उन्होंने कहा कि समय के साथ, नोएडा हवाई अड्डे से अन्य शहरों के लिए भी उड़ानें शुरू की जायेंगी। आने वाले समय में अकासा एयर इस एयरपोर्ट परिसर में एक अत्याधुनिक एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल) सुविधा भी संचालित करेगी।

ये भी पढ़ें : 
यूपी में बदलेगा मौसम का मिजाज, मौसम विभाग का अनुमान, गरज चमक के साथ इन जिलों में होगा वज्रपात 

संबंधित समाचार