UP Weather Update: लखनऊ में 43.2 डिग्री पहुंचा पारा, लू का कहर! अगले 5 दिन भयंकर गर्मी का अलर्ट
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, 19 से 23 मई के बीच यूपी में भयंकर गर्मी पड़ेगी। राहत की बात सिर्फ इतनी है कि केरल में मानसून 26 मई के आसपास दस्तक दे सकता है, जिसके बाद ही उत्तर प्रदेश के लोगों को इस तपन से राहत मिलने की उम्मीद है।
लखनऊ, अमृत विचार : राजधानी में सोमवार सुबह से तेज धूप निकली। दोपहर में आसमान से आग बरसने लगी और गर्म हवाओं के साथ लू के थपेड़ों ने लोगों को झुलसा दिया। दिन का पारा 1.6 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 43.2 डिग्री पहुंच गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान भी 2 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 28.6 डिग्री पहुंच गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक रहा। भीषण गर्मी से बचने के लिए लोग मुंह पर गमछा लपेट कर बाहर निकले।
दोपहर में सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम रही। लोग छांव का सहारा लेते दिखे। गर्मी का असर इस कदर रहा कि घरों की छतें तपने लगीं। घरों में दिन भर लोग कूलर और एसी के सामने बैठे रहे। इस सीजन 18 मई को लखनऊ में सबसे अधिक गर्म दिन रहा।
आगामी दिनों में मौसम विभाग ने लू चलने की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से जरूरी एहतियात बरतने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार 2-3 दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। जल्द ही लखनऊ में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है।
heat wave का सबसे ज्यादा असर प्रयागराज, वाराणसी, झांसी, कानपुर, आगरा, बांदा, हमीरपुर, जालौन, ललितपुर पर पड़ेगा। इसके बाद पूर्वांचल और अवध के क्षेत्रों और मध्य और पश्चिम यूपी में भी सूरज भयंकर आग बरसाने वाला है।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, 19 से 23 मई के बीच यूपी में भयंकर गर्मी पड़ेगी। राहत की बात सिर्फ इतनी है कि केरल में मानसून 26 मई के आसपास दस्तक दे सकता है, जिसके बाद ही उत्तर प्रदेश के लोगों को इस तपन से राहत मिलने की उम्मीद है। लेकिन तब तक, यानी अगले 5 दिनों तक दिन के साथ-साथ रातें भी बेहद गर्म रहने वाली हैं, क्योंकि न्यूनतम तापमान में भी 2 डिग्री का इजाफा होने जा रहा है।
मौसम विभाग एडवाइजरी
इस जानलेवा गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने आम जनता के लिए एडवाइजरी जारी की है। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बिना वजह घर से बाहर न निकलें। धूप में निकलते समय सिर को सूती कपड़े या छाते से जरूर ढकें। प्यास न लगने पर भी लगातार पानी पीते रहें और ओआरएस (ORS) का इस्तेमाल करें।
इधर, प्रदेश में बढ़ते पारे को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद एक्शन में आ गए हैं। सीएम योगी ने सभी जिलों के कप्तानों, स्वास्थ्य विभाग और बिजली विभाग के अफसरों को 'अलर्ट मोड' पर रहने के सख्त निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि अस्पतालों में हीट स्ट्रोक के मरीजों के लिए पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए और इस भीषण गर्मी में पेयजल व बिजली की सप्लाई में कोई कटौती नहीं होनी चाहिए।
