UP: भाजपा नेता हत्याकांड के गवाहों पर फायरिंग, दो घायल

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

संभल, अमृत विचार। भाजपा नेता एवं उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व सदस्य गुलफाम सिंह यादव हत्याकांड के दो गवाहों पर मंगलवार दोपहर बदमाशों ने दिनदहाड़े फायरिंग कर दी। बाइक से जा रहे दोनों गवाह रास्ते में रुककर पेशाब कर रहे थे, तभी कार सवार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। दोनों घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय संभल में भर्ती कराया गया है।

जुनावई थाना क्षेत्र के गांव धनीपुर के पास गवाहों पर हमले की वारदात हुई है। गांव दबथरा हिमचल निवासी भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव की 10 मार्च 2025 को पेट में इंजेक्शन देकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मैढ़ोली निवासी भुवनेश और दबथरा हिमचल निवासी रामपाल गवाह हैं। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे दोनों एक बाइक पर सवार होकर किसी काम से गुन्नौर जा रहे थे। रास्ते में धनीपुर के पास जैसे ही दोनों रुके, पीछे से कार में आए बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें संभल जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही जुनावई थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहीं जुनावई ब्लॉक प्रमुख दिव्य प्रकाश यादव भी समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायलों के बयान दर्ज किए हैं। घायलों ने पुलिस को दिए बयान में भाजपा नेता हत्याकांड में नामजद आरोपी रवि यादव पर फायरिंग कराने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि रवि यादव फिलहाल जमानत पर बाहर है।

अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज कुमार रावत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। थाना पुलिस सहित अन्य टीमों को हमलावरों की तलाश में लगाया गया है। 10 मार्च 2025 को गुलफाम सिंह यादव अपने घर पर बैठे थे, तभी बाइक से बुर्का पहनकर आए तीन लोगों ने कथित रूप से पेट में इंजेक्शन लगाकर उनकी हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पूर्व ब्लॉक प्रमुख रवि यादव और ग्राम प्रधान महेश यादव को जेल भेजा गया था। वहीं मामले में फरार चल रहे धर्मवीर उर्फ धम्मा ने हाल ही में 15 साल पुराने डकैती के मामले में बदायूं कोर्ट में सरेंडर किया था। इसके अलावा एक लाख के इनामी नेपाल सिंह ने भी बीती 19 अप्रैल को 20 साल पुराने चोरी के मुकदमे में बदायूं कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था।

 

संबंधित समाचार