बाराबंकी : संयुक्त चिकित्सालय में अव्यवस्थाओं पर डीएम ने जताई नाराजगी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सीएमएस को सभी व्यवस्थाएं 15 दिनों के अंदर दुरुस्त कर रिपोर्ट देने के निर्देश

सिरौलीगौसपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने मंगलवार को संयुक्त चिकित्सालय सिरौलीगौसपुर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अस्पताल में मिली अव्यवस्थाओं पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए सुधार के सख्त निर्देश दिए। डीएम ने मरीजों से भी बातचीत कर फीडबैक लिया। निरीक्षण के दौरान पर्चा बनवाने में लगने वाली लंबी कतारों को देखते हुए महिला और पुरुष मरीजों के लिए अलग-अलग पर्चा काउंटर संचालित करने के निर्देश दिए।

cats

साथ ही लैपटॉप की कमी को लेकर शासन को पत्र भेजने की बात कही। शौचालयों की खराब स्थिति पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए तत्काल साफ-सफाई और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पताल में पर्याप्त दवाएं उपलब्ध हैं और यदि कोई डॉक्टर बाहर से दवाइयां लिखता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दवा भंडार कक्ष में स्टॉक रजिस्टर भी जांचा गया।

डीएम ने बताया कि अस्पताल में जल्द ही अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित की जाएगी, जिससे मरीजों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट, आयुष्मान कक्ष, सैंपल कलेक्शन कक्ष, इमरजेंसी ऑक्सीजन प्लांट और रैन बसेरा का भी निरीक्षण किया तथा साफ-सफाई और मरम्मत के निर्देश दिए।

cats

डीएम ने आवासीय परिसर से खराब एंबुलेंस हटाने और ऑक्सीजन प्लांट को हर समय चालू रखने पर जोर दिया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके प्रियदर्शी को सभी व्यवस्थाएं 15 दिनों के भीतर दुरुस्त कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम अनिल कुमार सरोज, तहसीलदार, सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरिफ, डॉ. देव प्रताप सिंह सहित समस्त मेडिकल स्टाफ मौजूद रहा।

संबंधित समाचार