औरैया में तेज रफ्तार ट्रक ने बरपाया कहर : ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से मारी जोरदार टक्कर, दो की मौत, 13 घायल
औरैया। उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-19 पर सोमवार और मंगलवार की रात एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार सुबह बताया कि अछल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ चंद्रपुरा निवासी ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर अयाना थाना क्षेत्र के ग्राम तिवर लालपुर जा रहे थे।
सभी लोग गांव के ही तिलक सिंह के दामाद साकेत के निधन पर आयोजित शोकसभा में शामिल होने के लिए निकले थे। बताया गया कि जैसे ही ट्रैक्टर-ट्रॉली नेशनल हाईवे-19 पर इमलिया ओवरब्रिज के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में गढ़ चंद्रपुरा निवासी उर्मिला (45) पत्नी सुघर सिंह और रामशंकर (70) पुत्र मेवालाल की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं मोहरश्री, उदयवीर, सुघर सिंह, पिंकी देवी, सूरजमुखी, सुषमा देवी, श्याम सुंदर, खुशबू, मिथिलेश, उषा देवी, मीरा देवी, संतकुमार तथा ट्रैक्टर चालक मोहित सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, डायल-112, फायर ब्रिगेड तथा अनंतराम टोल प्लाजा की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी 13 घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के कारण नेशनल हाईवे-19 पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात लगभग डेढ़ घंटे तक बाधित रहा। पुलिस और टोल प्लाजा कर्मियों ने संयुक्त प्रयास से यातायात को सुचारु कराया।
