छत्ताीसगढ़ : बस्तर में आयोजित 26वीं मध्य क्षेत्रीय परिषद बैठक में शामिल हुए सीएम योगी, गिनाईं उत्तर प्रदेश की उपलब्धियां

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नए भारत की संकल्पना का साकार रूप देश के हर क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने कानून-व्यवस्था, निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार और कल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। कभी बीमारू कहलाने वाले राज्य आज देश के विकास का ग्रोथ इंजन बन चुका है।

योगी मंगलवार को छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में बस्तर में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कभी चुनौतीपूर्ण माना जाने वाला बस्तर अब राष्ट्रीय नीति-निर्धारण की मुख्यधारा का हिस्सा बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सहकारी संघवाद पर आधारित टीम भारत का विजन दिया है और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में क्षेत्रीय परिषदें इसे मजबूती से आगे बढ़ा रही हैं।

सीएम योगी ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने कानून-व्यवस्था, निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार और कल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। जो राज्य कभी बीमारू कहलाता था, वह आज देश के विकास का ग्रोथ इंजन बन चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बन चुका है।

प्रदेश की 57,695 ग्राम पंचायतों में 2.33 लाख से अधिक कॉमन सर्विस सेंटर संचालित हैं, जिनसे अब तक 44 करोड़ से अधिक नागरिक लाभान्वित हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने यूपी एआई मिशन के लिए 225 करोड़ रुपये और क्वांटम एवं फोटोनिक्स जैसी नई तकनीकों के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रत्येक जिला मुख्यालय को चार लेन और प्रत्येक तहसील व ब्लॉक को दो लेन सड़क कनेक्टिविटी से जोड़ा जा रहा है। देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश में है। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिकों को त्वरित और पारदर्शी न्याय दिलाने के लिए राज्य सरकार ने “श्रम न्याय सेतु” पोर्टल शुरू किया है, जिससे श्रम विवादों के ऑनलाइन समाधान की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

जल जीवन मिशन और साइबर सुरक्षा पर जोर

सीएम ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत वर्ष 2019 में जहां केवल 1.96 प्रतिशत परिवारों तक पाइप पेयजल सुविधा थी, वहीं अब 91 प्रतिशत से अधिक परिवारों को इसका लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि 33 हजार से अधिक सौर ऊर्जा आधारित पेयजल योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं। साइबर अपराध पर नियंत्रण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2016 में प्रदेश में केवल दो साइबर थाने थे, जबकि अब सभी 75 जिलों में साइबर थाने स्थापित किए जा चुके हैं।

स्वास्थ्य और पोषण में सुधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में प्रतिमाह 1.30 करोड़ बच्चों और 22 लाख गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को अनुपूरक पुष्टाहार उपलब्ध कराया जा रहा है। “सम्भव अभियान” के जरिए कुपोषण कम करने की दिशा में उल्लेखनीय परिणाम मिले हैं। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत प्रदेश के 9.56 करोड़ से अधिक पात्र लोग शामिल हैं और 5.73 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं।

संबंधित समाचार