एससी एसटी वर्ग से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण मे लापरवाही बर्दाश्त नहीं : नीरज गौतम
कानपुर। उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के सदस्य नीरज गौतम ने मंगलवार को कहा कि एससी-एसटी वर्ग से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। सर्किट हाउस सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए नीरज गौतम ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग से संबंधित प्रकरणों, जन शिकायतों एवं संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि पीड़ितों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर अनावश्यक विलंब अथवा उदासीनता पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ शासन को कार्रवाई की संस्तुति भेजी जाएगी। नीरज गौतम ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का तत्काल निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें तथा संवेदनशील मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करें। बैठक में सदस्य दिशा राज्य स्तरीय समिति उत्तर प्रदेश राजू वाल्मीकि, सुनील वाल्मीकि, भोला हजारिया, डॉ. जावेद खान, जीतू यादव, संतोष कनौजिया, विजय मिश्रा तथा अभय तांबे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। बैठक के उपरांत आयोग सदस्य नीरज गौतम ने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, कल्याणपुर का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर, छात्रावास, भोजनालय, रसोईघर, कक्षाओं एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर शिक्षा, भोजन, आवास एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता का विशेष रूप से परीक्षण किया गया। निरीक्षण में कुछ व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि आश्रम पद्धति विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं समाज के वंचित वर्ग से आते हैं, इसलिए उनकी शिक्षा, सुरक्षा और स्वास्थ्य के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को निर्देश दिया कि बच्चों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाए तथा व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए। निरीक्षण के दौरान समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक सहित आश्रम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
