कानपुर : किसान दिवस में आधुनिक खेती और तकनीक पर जोर

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

कानपुर। किसान दिवस के अवसर पर कानपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक खेती, नई तकनीक, जैविक उर्वरकों और बाजार से जुड़ाव को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव जैन की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जिलेभर से आए किसानों ने कृषि संबंधी अनुभव साझा किए और विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

अभिनव जैन ने कहा कि किसानों को केवल उत्पादन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि तकनीक, प्रोसेसिंग और मार्केट लिंक से भी जुड़ना होगा। उन्होंने कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को क्लस्टर आधारित खेती अपनाने और बाजार की मांग के अनुसार उत्पादन बढ़ाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं को गांव स्तर तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने किसानों से जैविक खाद और उर्वरकों के अधिक प्रयोग की अपील करते हुए कहा कि रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करना समय की आवश्यकता है। किसानों की खाद और बीज संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कृषि विभाग को हेल्पलाइन नंबर जारी करने के निर्देश भी दिए गए। उप कृषि निदेशक ने बताया कि कैंचा बीज की ई-लॉटरी में चयनित किसान अपने विकासखंड स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार से प्रक्रिया पूरी कर बीज प्राप्त कर सकते हैं। 

उन्होंने कहा कि जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता है और किसानों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। बैठक में किसानों को 16 जून से शुरू होने वाले "विकसित कृषि संकल्प अभियान" की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने किसानों से अधिक संख्या में भाग लेकर नई तकनीकों और वैज्ञानिक खेती की जानकारी प्राप्त करने की अपील की। 

संबंधित समाचार