Drishyam 3: प्रकाश राज ने पूरी की शूटिंग, अजय देवगन की 'दृश्यम 3' की शेयर की खास तस्वीर, कहा-शुक्रिया
दिल्ली। अभिनेता प्रकाश राज ने अजय देवगन अभिनीत 'दृश्यम 3' की शूटिंग पूरी कर ली है। यह फिल्म 'दृश्यम' सीरीज की तीसरी कड़ी है और दो अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसका निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है और इसे स्टार स्टूडियो 18 द्वारा प्रस्तुत किया गया है। आलोक जैन, अजीत अंधारे और कुमार मंगत पाठक भी फिल्म के निर्माण से जुड़े हैं।
राज ने शुक्रवार को अपने 'इंस्टाग्राम' हैंडल पर 'क्लैपरबोर्ड' के साथ एक तस्वीर साझा की और कहा कि उन्हें फिल्म का हिस्सा बनकर बहुत खुशी हुई। उन्होंने लिखा, ''फिल्म 'दृश्यम3' हिंदी... एक शानदार टीम के साथ एक बेहतरीन शूटिंग पूरी की... इस फिल्म का हिस्सा बनकर बहुत मजा आया। मुझे यकीन है कि आपको भी ये फिल्म पसंद आएगी...।''
राज और देवगन के अलावा फिल्म में तब्बू, श्रिया सरन, इशिता दत्ता, रजत कपूर और जयदीप अहलावत सहित कई अन्य कलाकार हैं। 'दृश्यम' मूल रूप से 2013 में मोहनलाल अभिनीत एक मलयालम फिल्म की रीमेक थी और इसकी सीक्वल 2022 में आई थी। नवीनतम भाग शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुआ। तीनों फिल्मों का निर्देशन जीतू जोसेफ ने किया है।
हिंदी संस्करण की पहली फिल्म 2015 में रिलीज हुई थी जिसका निर्देशन दिवंगत निशिकांत कामत ने किया था। इसके बाद 2022 में दूसरी फिल्म रिलीज हुई जिसका निर्देशन पाठक ने किया था। पिछली फिल्में मलयालम संस्करण की रीमेक थीं जबकि तीसरी फिल्म की कहानी बिल्कुल अलग होगी।
ये भी पढ़ें :
Elephants in the Fog : Cannes में नेपाली फिल्म ने जीता सबका दिल, किन्नर समुदाय की कहानी ने दुनिया को झकझोरा
