Jalaun News : तिलक समारोह में महिला डांसरों पर पुलिसकर्मी को नोट उड़ाना पड़ा भारी, SP ने किया निलंबित

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के मामले में चुर्खी थाने में तैनात मुख्य आरक्षी अशोक कुमार को निलंबित कर दिया गया है। वीडियो में मुख्य आरक्षी एक नृत्य कार्यक्रम के दौरान नर्तकियों पर पैसे उड़ाते हुए दिखाई दे रहे थे। पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच क्षेत्राधिकारी कालपी को सौंपी गई थी। 

जांच में सामने आया कि मुख्य आरक्षी अशोक कुमार एक निजी तिलक समारोह में निमंत्रण पर शामिल होने गए थे, जहां आयोजित नृत्य कार्यक्रम के दौरान उन्होंने नर्तकियों पर पैसे फेंके थे। जांच रिपोर्ट में इस कृत्य को पुलिस विभाग की गरिमा एवं छवि के प्रतिकूल माना गया। इसके बाद क्षेत्राधिकारी कालपी ने अपनी रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक जालौन को भेजी। 

रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से मुख्य आरक्षी अशोक कुमार को निलंबित कर दिया तथा उनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराई गई थी। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित मुख्य आरक्षी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने वाले किसी भी कृत्य को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार