Rampur Encounter : 25 हजार के इनामी गोकश का रामपुर पुलिस ने किया एनकाउंटर, पैर में लगी गोली, तमंचा-कारतूस व अन्य उपकरण बरामद
रामपुर, अमृत विचार। यूपी के रामपुर जिले में अजीमनगर थाना पुलिस ने शुक्रवार दोपहर 3 बजे 25 हजार के इनामी गोकश को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी शादाब के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने मौके से तमंचा, कारतूस, पशु काटने के उपकरण, नकदी और मोटरसाइकिल बरामद की है।
थाना अजीमनगर पुलिस के अनुसार हरैटा चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान नौरंगपुर की तरफ से जंगल के रास्ते एक मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों वापस मुड़कर भागने लगे। शक होने पर पुलिस टीम ने पीछा किया तो करीब 150 मीटर आगे रास्ते में बने गड्ढे में बाइक फिसलकर गिर गई।
आरोप है कि बाइक चला रहे युवक ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो राउंड फायर किए, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी ने अपना नाम शादाब पुत्र सद्दीक निवासी खंडिया थाना अजीमनगर बताया। उसके साथ पकड़े गए दूसरे आरोपी की पहचान तकदीर पुत्र अहमद हसन निवासी बगरव्वा थाना अजीमनगर के रूप में हुई।
पूछताछ में शादाब ने बताया कि कुछ दिन पहले नगला गणेश के जंगलों में हुई गोकशी की घटना में वह अपने साथियों अकील, मोबीन और नाजिम उर्फ भूरा के साथ शामिल था। आरोपियों ने गोवंशीय पशुओं को काटकर उनके अवशेष जंगल में फेंक दिए थे और मांस बेच दिया था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी फिर से गोवंशीय पशुओं के वध की फिराक में घूम रहे थे। मुठभेड़ के दौरान अचानक हुई फायरिंग में थाना अजीमनगर पर तैनात मुख्य आरक्षी कपिल कुमार भी गिरकर घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपी शादाब के कब्जे से एक 315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, पशु काटने के उपकरण और मोटरसाइकिल बरामद की।
वहीं तकदीर के पास से गोकशी की घटना में मिले मुनाफे के दो हजार रुपये बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शादाब के खिलाफ गौकशी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह थाना अजीमनगर में गोकशी के मामले में वांछित चल रहा था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कर्म सिंह पाल, उपनिरीक्षक चंद्र विक्रम सिंह, संदीप कुमार, एसओजी प्रभारी दीपक मलिक सहित पुलिस टीम शामिल रही।
