Big News : Lucknow से Bhopal शिफ्ट होंगे NWDA के दो बड़े दफ्तर, यह है आदेश
अमृत विचार, लखनऊ। जल शक्ति मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय जल विकास अभिकरण (NWDA) ने लखनऊ स्थित अपने दो अहम कार्यालयों को भोपाल स्थानांतरित करने का फैसला लिया है। इस संबंध में एनडब्ल्यूडीए मुख्यालय की ओर से आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। आदेश के मुताबिक मुख्य अभियंता (उत्तर) कार्यालय और इन्वेस्टिगेशन डिवीजन (आईडी) कार्यालय अब लखनऊ से भोपाल शिफ्ट किए जाएंगे।
सूत्रों के मुताबिक यह फैसला जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण विभाग में सचिव की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद लिया गया। हाल ही में रायपुर में निदेशक (एम एंड ए) के पद पर तैनात नीलम नारोलिया ने 19 मई 2026 को मुख्य अभियंता लेवल-द्वितीय एवं मुख्य अभियंता (उत्तर) का अतिरिक्त कार्यभार संभाला था। इसके बाद कार्यालयों के पुनर्स्थापन की प्रक्रिया को तेज कर दिया गया।
एनडब्ल्यूडीए मुख्यालय द्वारा जारी आदेश में सक्षम प्राधिकारी ने मुख्य अभियंता (उत्तर) नीलम नारोलिया को लखनऊ स्थित कार्यालयों के भोपाल स्थानांतरण की पूरी प्रक्रिया शुरू करने और उसकी निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी है।
आदेश के अनुसार जिन कार्यालयों को भोपाल स्थानांतरित किया जाना है उनमें मुख्य अभियंता (उत्तर), एनडब्ल्यूडीए कार्यालय, लखनऊ तथा इन्वेस्टिगेशन डिवीजन, एनडब्ल्यूडीए, लखनऊ शामिल हैं।
45 दिनों में होगी शिफ्टिंग

जल शक्ति मंत्रालय ने इस पूरी प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से 45 दिनों के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सात दिनों के भीतर विस्तृत एक्शन प्लान एनडब्ल्यूडीए मुख्यालय को सौंपने को कहा गया है। इस कार्ययोजना में कार्यालय स्थानांतरण की टाइमलाइन, संसाधन प्रबंधन, कर्मचारियों की व्यवस्था और लॉजिस्टिक प्लानिंग का पूरा खाका शामिल होगा।
इन अफसरों को मिला आर्डर
उप निदेशक (प्रशासन) खुशाल सिंह की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। शिफ्टिंग का काम जल्दी से जल्दी हो इसके लिए जल शक्ति मंत्रालय, महानिदेशक एनडब्ल्यूडीए और केन-बेतवा लिंक परियोजना प्राधिकरण, भोपाल सहित संबंधित अधिकारियों को भी आर्डर की कॉपी भेजी गई है।
