Bareilly News: हिस्ट्रीशीटर पंकज यादव समेत 11 अपराधी जिला बदर, डीएम ने कहा, शांति व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
बरेली, अमृत विचार। अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने को प्रशासन ने 11 और अपराधियों को जिला बदर कर दिया है। डीएम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत यह आदेश जारी किए हैं। जिन दागी चेहरों पर जिला बंदर की कार्रवाई हुई है, उनमें पीलीभीत बाईपास गोलीकांड में शामिल रहा आरोपी हिस्ट्रीशीटर पंकज यादव भी शामिल है।
प्रशासन के अनुसार, जिला बदर किए गए आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त थे और आम लोगों में भय का माहौल बना रहे थे। शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया है। थाना इज्जतनगर क्षेत्र के रंजीत, सुरजीत सिंह, पंकज यादव और सचिन के अलावा, थाना शेरगढ़ क्षेत्र के महीपाल, थाना बिथरी के खलील और केशव पटेल, थाना बारादरी के अवधेश उर्फ राजकुमार, पिंटू उर्फ टिंकू और लक्की राठौर, जबकि थाना बहेड़ी क्षेत्र के मो. आरिफ उर्फ पप्पू बुलेट पर उत्तर प्रदेश गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। । डीएम अविनाश सिंह ने साफ कहा कि है जिले की शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और कानून हाथ में लेने वालों पर लगातार कार्रवाई होगी।
बता दें कि विभिन्न थानों की पुलिस की रिपोर्ट इससे पहले भी प्रशासन ने कई हिस्ट्रीशीटर व पेशेवर अपराधियों को समय-समय पर गुंडा अधिनियम के तहत जिला बदर की कार्रवाई करता रहा है। एसएसपी अनुराग आर्या जहां एक ओर दागी एवं अपराधी चेहरों की हिस्ट्रीशीट खोले जाने के मामले में अभूतपूर्व कार्रवाई करते देखे जा रहे हैं, वहीं डीएम अविनाश सिंह भी गुंडे-बदमाशों को जिला बदर कर कड़क एक्शन का उदाहरण पेश कर रहे हैं।
