UP News: ससुरालवालों ने पेट्रोल डालकर विवाहिता को जिंदा जलाया, अस्पताल में हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

रामपुर, अमृत विचार। अजीमनगर थाना क्षेत्र में विवाहिता को पेट्रोल से जलाने की कोशिश की गई। गंभीर रूप से झुलसी विवाहिता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

6 माह पहले हुई थी शादी

मामला थाना क्षेत्र के नगलिया आकिल गांव का है। गांव निवासी आयशा की शादी गांव के ही तलाकशुदा युवक रईस अहमद के साथ 6 माह पूर्व हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद तक सब कुछ ठीक रहा। विवाहिता गांव के ही एक प्राइवेट स्कूल में प्रिंसिपल का कार्य देखती थी। कुछ दिन बीतने के बाद पति ने अपनी तलाकशुदा पत्नी से फिर से बात शुरू कर दी। विवाहिता को जानकारी हुई तो उसने घर में विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान पति-पत्नी के बीच कई बार जोरदार झगड़ा भी हुआ। 

चीख पुकार सुनकर पड़ोसियों ने बचाया

विवाहिता का आरोप है बुधवार सुबह तड़के पति समेत चार ससुराल वालों ने पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। चीख पुकार सुनकर आस-पड़ोस के तमाम लोग घर के अंदर आ गए। इस दौरान लोगों ने किसी तरह आग को बुझाया। विवाहिता के झुलस जाने की सूचना मायके वालों को मिली तो हड़कंप मच गया। कुछ देर के अंदर ही मायके वाले मौके पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे। मायके वालों का आरोप था ससुराल वालों ने दहेज की खातिर विवाहिता को जलाकर मारने की कोशिश की। 

विवाहिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

विवाहिता को जलाने की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष कर्म सिंह पाल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने आग से झुलसी विवाहिता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष कर्म सिंह पाल ने बताया पीड़िता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है आरोप सिद्ध होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार