Pratapgarh News: प्रलोभन देकर धर्मांतरण का प्रयास, दो आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में थाना पट्टी पुलिस ने प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के प्रयास एवं धमकी देने के आरोप में गुरुवार को दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय कुमार (36) पुत्र मुन्नीलाल तथा फूलचन्द्र वर्मा (53) पुत्र बेनी प्रसाद वर्मा, निवासी ग्राम बरहूपुर, थाना पट्टी, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। 

पुलिस ने उनके कब्जे से एक-एक बाइबिल ग्रंथ तथा "ईसु मसीह" अंकित एक-एक डायरी बरामद करने का दावा किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम बरहूपुर निवासी वादी ने थाना पट्टी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव निवासी संजय कुमार एवं फूलचन्द्र वर्मा गांव के कुछ महिला एवं पुरुषों को एकत्रित कर प्रार्थना सभा आयोजित करते थे तथा प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास कर रहे थे।

तहरीर में आरोप लगाया गया कि विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। साथ ही गांव के अन्य लोगों को भी धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना पट्टी में सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

संबंधित समाचार