Moradabaad : सूरज ने दिखाया तेवर, लू के थपेड़ों ने झुलसाया
अनियमित बिजली कटौती ने बढ़ाईं लोगों की मुश्किलें
मुरादाबाद, अमृत विचार। सूरज की तपिश कम नहीं हो रही है। धूप ने बुधवार को भी तेवर दिखाया। दोपहर में लू के थपेड़ों ने लोगों को झुलसाया। राहत के लिए लोगों ने उपाय किए, लेकिन बेअसर रहा। हालांकि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार से आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकता है, जिससे फौरी तौर पर राहत मिलेगी। उधर, लगातार हो रही अनियमित बिजली कटौती ने लोगों की समस्या बढ़ा दी है। बिजली लाइनों में फाल्ट से असमय बिजली गायब रहती है, इससे पानी की किल्लत भी पैदा हो रही है।
कई दिनों से भीषण गर्मी झेल रहे लोगों को बुधवार को भी राहत नहीं मिली। सुबह से ही कड़ी धूप रही। दोपहर में लू के थपेड़ों ने लोगों को बेदम कर दिया। वहीं आए दिन तापमान के असंतुलन से लोग बीमार पड़ रहे हैं। सोमवार को अचानक पारा चढ़कर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था, लेकिन अगले ही दिन यह 42 पर आ गया। इससे रात में थोड़ी सहूलियत मिली, लेकिन पूरे दिन तेज धूप और लू से देर शाम तक लोगों को गर्मी की तपिश महसूस हो रही है। बुधवार को अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 28 से 31 मई और उससे आगे भी कुछ दिन तेज आंधी के साथ हल्की से लेकर मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में कमी आएगी।
वहीं, भीषण गर्मी और लू को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। आपदा विशेषज्ञ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अगले कुछ दिन आंधी, बारिश का अनुमान जताया है। इससे देखते हुए भी एडवाइजरी के पालन की अपील सभी से की गई है।
