UP B.Ed. Entrance Exam: संत कबीर नगर में 31 मई को बीएड प्रवेश परीक्षा, 2318 अभ्यर्थी होंगे शामिल; जानें एग्जाम टाइमिंग और सुरक्षा के कड़े इंतजाम
संत कबीर नगर। उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले में 31 मई को आयोजित होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा में कुल 2318 अभ्यर्थी सात परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा देंगे। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मजिस्ट्रेटों, केंद्र व्यवस्थापकों तथा संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में परीक्षा की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के सात परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगी। उन्होंने बताया कि दोनों पालियों के लिए अभ्यर्थियों का प्रवेश परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले प्रारंभ कर दिया जाएगा।
वहीं, परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
42 हजार परीक्षार्थी 31 को देंगे बीएड प्रवेश परीक्षा
डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय और जिला प्रशासन ने 31 मई को होने वाली बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 को लेकर पूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अयोध्या मंडल के पांच जनपदों में कुल 92 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर लगभग 42,000 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षकों और केंद्राध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
नोडल अधिकारी व कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के नेतृत्व में यह परीक्षा पूरे प्रदेश में आयोजित हो रही है। प्रथम पाली सुबह 9 बजे से दोपहर12 बजे तक व द्वितीय पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा होगी। बैठक में नोडल समन्वयक प्रो. फर्रुख जमाल, केंद्र प्रतिनिधि, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पवन कुमार तिवारी, प्रो. नीलम पाठक, सीओ सिटी विकास राय सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
गौतमबुद्धनगर में बीएड परीक्षा को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए तैयारियां
उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्धनगर में आगामी 31 मई को आयोजित होने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2026 को शांतिपूर्ण, नकलविहीन एवं पूर्ण सुचिता के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा स्थित सूरजपुर कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जहां उनके द्वारा जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि,बैठक में परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि जनपद के 17 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी।
परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी विभाग परीक्षा से पूर्व अपनी तैयारियां मानकों के अनुरूप पूर्ण कर लें। उन्होंने कहा कि परीक्षा को नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी समय से अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर जिम्मेदारी का निर्वहन सुनिश्चित करें।
उन्होंने सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर सभी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी देखा जाए कि परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से कार्य कर रहे हों। किसी भी प्रकार की तकनीकी या व्यवस्थागत समस्या पाए जाने पर तत्काल समाधान कराया जाए। एडीएम न्यायिक ने केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा से संबंधित गाइडलाइन का गहन अध्ययन करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा संचालन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या चूक स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाए तथा किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को परीक्षा केंद्र के अंदर न ले जाने दिया जाए। बैठक के दौरान बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से आए प्रोफेसरों द्वारा परीक्षा संचालन से संबंधित निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी अधिकारियों को प्रदान की गई। इस अवसर पर प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक दीपा भाटी, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, समस्त सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।
