Amethi News : एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते सिपाही को रंगे हाथ दबोचा, एसपी ने किया निलंबित
अमेठी अमृत विचार। जायस कोतवाली में तैनात एक सिपाही की रिश्वतखोरी की होशियारी उस समय धरी रह गई, जब एंटी करप्शन टीम ने उसे 9 हजार रुपये की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सरवण टी ने आरोपी सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, जायस कोतवाली में तैनात सिपाही चंदन कनौजिया ने एक प्रार्थना पत्र के निस्तारण और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने के नाम पर शिकायतकर्ता से रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की।
शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने पर टीम ने जाल बिछाया और शनिवार को सिपाही को 9 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी सिपाही को अपने साथ ले गई। इस संबंध में भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस अधीक्षक ने आरोपी सिपाही को निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं। यदि शिकायतकर्ता रिश्वत मांगने की सूचना एंटी करप्शन ब्यूरो को न देता, तो मामला दब सकता था। शिकायत के बाद की गई त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर भ्रष्टाचार के खिलाफ एजेंसियों की सक्रियता सामने आई है।
