UP News: पीलीभीत के व्यापारी हत्याकांड में दरोगा और दो सिपाही निलंबित
पीलीभीत, अमृत विचार। कस्बा बिलसंडा में दिनदहाड़े कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता की गोली मारकर हत्या करने के मामले स्थानीय पुलिस की लापरवाही उजागर हो रही थी। इस मामले में तीन नामजद और अज्ञात में शामिल एक अभियुक्त की गिरफ्तारी के बाद लापरवाही पर पुलिस कर्मियों पर भी एक्शन शुरू हो गया है। जिसके तहत एक दरोगा और दो सिपाही अभी फिलहाल निलंबित कर दिए गए हैं।
बता दें कि बीते दिनों कस्बा बिलसंडा के बमरौली तिराहा पर बाइकों पर सवार होकर बदमाश साइकिल व्यापारी पंकज कटियार पर हमला करने पहुंचे थे। बीच बचाच कराने पहुंचे पड़ोसी कपड़ा व्यापारी नगर पंचायत चेयरमैन के मामा पप्पू गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दिनदहाड़े थाने से महज एक किमी से भी कम दूरी पर हुई घटना के बाद सुरक्षा बंदोबस्त पर सवाल उठ गए थे। जिसके लेकर अब शनिवार को कार्रवाई की गई है। एसपी सुकीर्ति माधव ने बिलसंडा थाने के कस्बा इंचार्ज दरोगा अनिल सिंह और दो सिपाही नरेंद्र व प्रणब को निलंबित कर दिया है।
