Pilibhit News: आखिरकार हटाए गए सदर कोतवाल, मिली बरखेड़ा की कमान, न्यूरिया प्रभारी को भेजा क्राइम ब्रांच

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

पीलीभीत, अमृत विचार। पुलिस विभाग में लंबे समय से चर्चा का विषय बने सदर कोतवाल सत्येंद्र सिंह का आखिरकार तबादला कर दिया गया है। उन्हें सदर कोतवाली से हटाकर बरखेड़ा थाने का प्रभारी बनाया गया है। वहीं बरखेड़ा थाना प्रभारी प्रमेंद्र कुमार को सदर कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस अधीक्षक द्वारा किए गए इस फेरबदल के बाद विभागीय हलकों में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा।

बता दें कि शहर के बहुचर्चित अनिल हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार ने न्याय की मांग को लेकर राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार से मुलाकात की थी। इस दौरान राज्यमंत्री द्वारा पुलिस अधीक्षक को कोतवाल को हटाने संबंधी निर्देश दिए जाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले ने राजनीतिक रंग पकड़ लिया था और  समाजवादी पार्टी के नेताओं ने भी इसे मुद्दा बनाते हुए लगातार तंज कसे थे। 

14 फरवरी को हुए इस चर्चित घटनाक्रम के बाद राज्यमंत्री की नाराजगी सार्वजनिक होने के बावजूद सदर कोतवाल लंबे समय तक अपने पद पर बने रहे। इसे लेकर भी कई चर्चाएं रही। फिलहाल अब उनके स्थानांतरण हो गया है। उनको बरखेड़ा का कोतवाल बनाया गया है। इसके अलावा न्यूरिया थाना प्रभारी सुभाष मावी को भी थाने की जिम्मेदारी से मुक्त कर क्राइम ब्रांच भेज दिया गया है। उनकी जगह दिगंबर सिंह को न्यूरिया थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी आदेश के बाद महकमे में खलबली मची रही।

संबंधित समाचार