Balrampur News : मारपीट में घायल युवक की मौत पर फूटा गुस्सा, हाईवे जाम कर ग्रामीणों ने मांगा इंसाफ

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

उतरौला/गैंडास बुजुर्ग/बलरामपुर, अमृत विचार। गांव में घूमने को लेकर हुए विवाद को लेकर दो संप्रदायों के बीच मारपीट मे घायल युवक की इलाज के दौरान मौत होने से क्षेत्र में तनाव फैल गया। शनिवार को जैसे ही धनराज मौर्य की मौत की खबर गांव पहुंची, परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने बलरामपुर-बस्ती स्टेट हाईवे पर शव रखकर करीब एक घंटे तक जाम लगाकर प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, 27 मई को अहरौला गांव में घूमने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई मारपीट में धनराज मौर्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए थे। धनराज को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया था, जहां 30 मई को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना पाकर आक्रोशित परिजनों तथा ग्रामीणों ने रविवार सुबह बलरामपुर बस्ती स्टेट हाईवे को जाम कर दिया।

cats

 ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, गैंगस्टर एक्ट लगाए जाने, परिवार की सुरक्षा तथा सरकार से 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर सीओ राघवेंद्र सिंह, एसडीएम अभय सिंह, प्रभारी निरीक्षक राजीव मिश्रा सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

हालात की गंभीरता को देखते हुए उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अपनी ओर से मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की तथा प्रशासन से हरसंभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। अधिकारियों और विधायक के काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन व ग्रामीण शांत हुए, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया और धनराज मौर्य का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।

पुलिस ने मामले में पहले ही पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

संबंधित समाचार