डबल मर्डर से दहला उठा कानपुर : मामूली विवाद में सरेराह पिता-पुत्र की चाकू से गोदकर हत्या, इलाके में हड़कंप
कानपुर। उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर के नौबस्ता क्षेत्र में बाइक टकराने के मामूली विवाद में दबंगों ने पिता-पुत्र की बीच सड़क पर चाकू से गोद कर हत्या कर दी जबकि एक पुत्र को गंभीर रुप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि किदवई नगर स्थित एक मार्बल प्रतिष्ठान में कार्यरत सनिगंवा निवासी शिव नारायण त्रिवेदी अपने दो बेटों शिवम और सत्यम के साथ बीती देर रात घर वापस लौट रहे थे तभी नौबस्ता बाईपास के पास उनकी बाइक एक अन्य बाइक से टकरा गयी जिस पर दूसरी बाइक पर सवार तीन युवकों ने पिता और उनके दो पुत्रों को हेल्मेट से मारना शुरु कर दिया।
इस बीच एक युवक ने शिवम की पीठ पर चाकू घोंप दिया। शिव नारायण ने उसे रोकने की कोशिश की तो युवक ने उनके पेट पर चाकू से प्रहार किया। इतने पर भी हमलावर नहीं रुके और पेशेवर अंदाज में चाकू से गोद कर पिता और पुत्रों को घायल कर दिया। इस बीच भीड़ ने हिम्मत कर उनमें से एक युवक को पकड़ लिया लेकिन दो अन्य बाइक पर बैठ कर फरार हो गये।
उन्होने बताया कि घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया जहां शिव नारायण और शिवम को मृत घोषित कर दिया जबकि सत्यम की हालत गंभीर बनी हुयी है। हमलावर की पहचान कानपुर देहात के अकबरपुर निवासी शिवा वर्मा के तौर पर की गयी है जबकि उसका साथी और मुख्य हमलावर करन वर्मा और उत्सव अवस्थी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-
