IPL 2026 Final: 'प्ले बोल्ड मेरे शेरों...', आरसीबी के फाइनल से पहले विजय माल्या के ट्वीट ने सोशल मीडिया पर मचाया तहलका

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

अहमदाबादः आईपीएल 2026 के महामुकाबले में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना गुजरात टाइटंस (GT) से होने जा रहा है। इस खिताबी जंग से ठीक पहले आरसीबी के पूर्व फ्रेंचाइजी मालिक विजय माल्या का एक सोशल मीडिया पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। माल्या भले ही लंबे वक्त से टीम के प्रबंधन और मालिकाना हक से दूर हैं, लेकिन बेंगलुरु के 'रेड एंड बोल्ड' शेरों के प्रति उनकी दीवानगी आज भी बरकरार है। माल्या के इस जोश से भरे संदेश ने आरसीबी के प्रशंसकों और खिलाड़ियों का उत्साह दोगुना कर दिया है।

कन्नड़ भाषा में दिया खास संदेश: "नम्मा डोड्डा सिम्हागलु"

विजय माल्या ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल पर बेंगलुरु की स्थानीय भाषा में खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने लिखा कि 'आरसीबी - नम्मा डोड्डा सिम्हागलु (हमारे बड़े शेर), इतिहास रचने की दिशा में यह आपका आखिरी कदम है। बेंगलुरु के हमारे शेरों ने आईपीएल 2026 के फाइनल में जगह बनाने के लिए बेहद कड़ा संघर्ष किया है। अब खिताबी ट्रॉफी को अपने घर लाने के लिए बस एक बार और 'प्ले बोल्ड' के जज्बे को मैदान पर दिखाने की जरूरत है। मेरी तरफ से पूरी टीम को ढेरों शुभकामनाएं, भगवान आपके साथ हैं। बेंगलुरु के शेरों की तरह इस बार पहले से भी ज्यादा तेज दहाड़ो!'

माल्या का यह पोस्ट ठीक टॉस से कुछ घंटे पहले आया है, जो फाइनल के बड़े मंच पर कप्तान रजत पाटीदार की सेना और किंग विराट कोहली में एक नई ऊर्जा फूंकने का काम करेगा।

लगातार दूसरा खिताब जीतकर इतिहास दोहराने का मौका

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का आईपीएल इतिहास उतार-चढ़ाव से भरा रहा है, लेकिन मौजूदा दौर उनके लिए किसी सुनहरे सपने जैसा है।

आरसीबी लीग के शुरुआती दौर में तीन बार (2009, 2011 और 2016) फाइनल की दहलीज तक पहुंची थी, मगर हर बार खिताबी ट्रॉफी जीतने से चूक गई। सालों का इंतजार पिछले साल यानी आईपीएल 2025 में खत्म हुआ, जब रजत पाटीदार की कप्तानी में बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को हराकर अपनी पहली ऐतिहासिक ट्रॉफी जीती थी। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज गुजरात के खिलाफ अगर आरसीबी जीत दर्ज करती है, तो वह लगातार दो आईपीएल खिताब जीतने वाली लीग की चुनिंदा टीमों में शुमार हो जाएगी।

संबंधित समाचार