UP News: सपा कार्यालय में बकरीद पर बकरा हलाल, जिला महासचिव पर FIR, मंत्री बोले-सामने आया हिंसक चेहरा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। केजीएन कॉलोनी के एक हिस्से में चल रहे अस्थायी समाजवादी पार्टी कार्यालय में बकरीद पर बिना अनुमति बकरों को रस्सी से बांधकर वध करने के आरोप में जिला महासचिव नफीस अहमद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। 

पशु क्रूरता अधिनियम के तहत दर्ज की गई रिपोर्ट सिविल लाइन चौकी प्रभारी प्रीतम सिंह की ओर से लिखवाई गई है। जिसमें बताया है कि एक जून को वह क्षेत्र में थे। इस दौरान जानकारी हुई कि केजीएन कॉलोनी निवासी नफीस अहमद पुत्र रहीश  अहमद द्वारा अपने घेर/मकान को सार्वजनिक सपा कार्यालय के रुप में संचालित किया जा रहा है। जिसमें ईद उल जुहा के दौरान 28 मई से 30 मई को नफीस अहदम द्वारा बकरों को रस्सी से बांधकर पीटते हुए व याताना देकर क्रूरतापूर्वक बिना अनुमति सार्वजनिक रुप से वध किया गया। 

कोतवाली पुलिस पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 और बीएनएस की धारा 325 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर  विवेचना में जुट गई है। उधर, जिला महासचिव नफीस अहमद अंसारी का कहना है कि ये हमारी निजी जगह है।  इसे पार्टी कार्यालय के लिए किराए या फिर अनुबंध पर नहीं दिया गया है। प्रशासन द्वारा पार्टी कार्यालय खाली कराए जाने के बाद कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के लिए जगह न होने पर यहां कभी -कभार बैठने को दिया गया है। बकाया ये हिस्सा हमारा निजी संपत्ति में ही गैराज की जगह है। वहां पर हमारे वाहन भी खड़े रहते हैं। 

राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार बोले:  होनी चाहिए सख्त कार्रवाई
राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार का कहना है कि जो लोग कानून और संविधान की दुहाई देते नहीं थकते, उन्हीं के कार्यालय में बिना अनुमति इस तरह के आरोप सामने आना दोहरे चरित्र को उजागर करता है। कानून व्यवस्था पर रोज सवाल उठाने वाली सपा को पहले अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को नियमों का पालन करना सिखाना चाहिए। ऐसी हिंसक प्रवृत्ति के लोगों का चेहरा उजागर हुआ है। प्रशासन ने एफआईआर दर्ज की है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

संबंधित समाचार